जयपुर हवाई अड्डे पर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार
जयपुर हवाई अड्डे पर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार
जयपुर, 10 मई (भाषा) राजस्थान में जयपुर हवाई अड्डे पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 30 से अधिक लोगों से ठगी करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजिता शर्मा ने बताया कि आरोपी किरण सैनी (27) झुंझुनू जिले के पिलानी की रहने वाली है और वर्तमान में जगतपुरा में रह रही थी। उसे शनिवार को हवाई अड्डा थाना पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि आरोपी महिला पहले जयपुर हवाई अड्डा पर एक निजी विमानन सेवा कंपनी में काम कर चुकी थी और इसी पृष्ठभूमि का इस्तेमाल कर वह नौकरी तलाश रहे लोगों को रोजगार दिलाने का झांसा देती थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) उपकरणों की मदद से ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी के पहचान पत्रों में बदलाव कर नकली रंगीन पहचान पत्र तैयार करती थी।
पुलिस ने उसके कब्जे से चार लोगों के फर्जी पहचान पत्र, आधार कार्ड तथा करीब 30 लोगों के आवेदन पत्र बरामद किए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने हवाई अड्डे पर नौकरी दिलाने के नाम पर 30 से अधिक लोगों से करीब नौ से 10 लाख रुपये की ठगी की।
पुलिस ने बताया कि जयपुर हवाई अड्डे पर फर्जी नौकरी के प्रस्ताव और नकली प्रवेश पास बनाए जाने संबंधी शिकायत आठ मई को मिलने के बाद कार्रवाई शुरू की गई थी। आरोपी महिला को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस नेटवर्क में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत

Facebook


