शादी को लेकर ज्योतिषी की भविष्यवाणी के बाद महिला ने खुदकुशी की: पुलिस
शादी को लेकर ज्योतिषी की भविष्यवाणी के बाद महिला ने खुदकुशी की: पुलिस
बेंगलुरु, दो मार्च (भाषा) शहर में 27 साल की एक युवती ने कथित तौर पर यहां अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह अपनी शादी के बारे में एक ज्योतिषी की भविष्यवाणी से परेशान थी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार को बगलागुंटे इलाके में घटी।
मृतका की पहचान विद्याज्योति के तौर पर हुई है, जिसके दूसरी जाति के एक व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध थे। पुलिस ने बताया कि दोनों परिवार उनकी शादी के लिए राजी हो गए थे।
शुरुआती जांच का हवाला देते हुए, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उसके माता-पिता ने हाल में एक ज्योतिषी से सलाह ली थी, जिसने कथित तौर पर भविष्यवाणी की थी कि शादी के दो साल बाद दंपति के बीच गलतफहमियां हो सकती हैं, जिससे शायद वे अलग हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इसे टालने के लिए, ज्योतिषी ने कथित तौर पर नौ दिन का एक अनुष्ठान करने की सलाह दी और परिवार ने ऐसा ही किया।
हालांकि, अनुष्ठान के नौवें दिन, विद्याज्योति कथित तौर पर अपने कमरे में गई और छत के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। इस दौरान उसके माता-पिता घर पर नहीं थे।
घटना का पता शाम को तब चला जब बार-बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी उसने कोई जवाब नहीं दिया। पुलिस ने बताया कि बाद में उसके पिता ने दरवाजा तोड़ा और उसे फंदे से लटका हुआ पाया।
बगलागुंटे पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु रिपोर्ट (यूडीआर) दर्ज की है और आगे की जांच जारी है।
भाषा
वैभव अविनाश
अविनाश

Facebook


