पणजी, 12 अप्रैल (भाषा) गोवा के कुशावती जिले के सांगुएम गांव में रविवार को एक घर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर राइफल का ट्रिगर दबाने से 22-वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह घटना एक घर में दोस्तों के मिलन समारोह के दौरान हुई।
पुलिस अधीक्षक संतोष देसाई ने बताया कि आरोपी श्वेत गावड़े (22) ने कथित तौर पर राइफल निकाली और लापरवाही से तन्वी घाडी पर तान दी। उसने तन्वी से पूछा कि क्या उसे गोली चलानी चाहिए और फिर बेपरवाही से ट्रिगर दबा दिया।
गोली तन्वी की गर्दन में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर गोलीबारी की घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। आरोपी को भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि वे इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि राइफल घर में कैसे लाई गई और क्या वह लाइसेंसी थी।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश