अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से गिरने से जयपुर में महिला की मौत: पुलिस

अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से गिरने से जयपुर में महिला की मौत: पुलिस

अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से गिरने से जयपुर में महिला की मौत: पुलिस
Modified Date: March 2, 2026 / 06:08 pm IST
Published Date: March 2, 2026 6:08 pm IST

जयपुर, दो मार्च (भाषा) जयपुर के जगतपुरा स्थित एक अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से गिरने से एक महिला की मौत हो गयी। पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।

खो—नागोरियान थाने के प्रभारी ओमप्रकाश मातवा ने बताया कि घटना जगतपुरा के वृंदा गार्डन अपार्टमेंट में सुबह 7.15 बजे की है। अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल में रहने वाली उर्मिला गौड़ (55) की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि उर्मिला अपने पति दिलीप कुमार और बेटे अंकित के साथ रहती थी और घटना के समय उनका बेटा भी फ्लैट में ही था।

उन्होंने बताया कि महिला अपने फ्लैट की बालकनी में किसी काम से गई थी, जहां संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गई। धमाके की आवाज सुनकर अपार्टमेंट में रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे तो देखा महिला नीचे फर्श पर गिरी हुई थी। लहूलुहान हालत में महिला को जयपुरिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि पिछले दिनों जल जीवन मिशन घोटाले में महिला के पति दिलीप को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने गिरफ्तार किया था। उसके बाद दिलीप को जेल भेज दिया था। इस वजह से महिला तनाव में थी।

थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि परिजनों का कहना है कि उर्मिला को चक्कर आ गया था और इस वजह से वह नीचे गिर गई।

उन्होंने बताया कि महिला के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। महिला ने आत्महत्या की है या चक्कर आने से वह गिरी है इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

भाषा बाकोलिया रंजन

रंजन


लेखक के बारे में