बेंगलुरु में घर में आग लगने से महिला की मौत, परिवार के तीन सदस्य सुरक्षित बाहर निकले
बेंगलुरु में घर में आग लगने से महिला की मौत, परिवार के तीन सदस्य सुरक्षित बाहर निकले
बेंगलुरु, तीन मार्च (भाषा) बेंगलुरु में एक घर में लगी आग में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मृतका की पहचान सविता के रूप में हुई है। उसके पति रमेश बाबू, बेटा विश्रुत और बाबू की मां चान्नम्मा बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने बताया कि यह घटना दो मार्च को रात 9:30 बजे से 10 बजे के बीच राजाजीनगर में परिवार के स्वामित्व वाली तीन मंजिला इमारत में हुई।
बाबू द्वारा दायर शिकायत के अनुसार, इमारत के भूतल और पहली मंजिल किराए पर दिए गए थे, जबकि परिवार तीसरी मंजिल पर स्थित डुप्लेक्स हिस्से में रहता था।
घटना वाली रात बाबू और उसकी मां डुप्लेक्स के निचले तल पर टेलीविजन देख रहे थे, जबकि विश्रुत ऊपरी तल पर बने दो कमरों में से एक में था। सामने वाले कमरे से जब दुर्गंध आनी महसूस हुई तो पता चला कि आग लग गई थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘विश्रुत ने अपने पिता और दादी को सतर्क किया और उन्हें घर से बाहर भेज दिया। बाबू की पत्नी उस समय ऊपरी मंजिल पर थी। उसके नीचे आने से पहले ही आग तेजी से फैल गई और वह ऊपर फंस गई। विश्रुत किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा।’
उन्होंने बताया कि दमकल एवं आपातकालीन सेवा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। सविता को बाद में बेहोशी की हालत में नीचे लाया गया और मल्लेश्वरम के मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि आग के कारण संभवत: दम घुटने से उसकी मौत हुई होगी।
पुलिस ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है, लेकिन सटीक कारण का पता लगाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
भाषा
शुभम माधव
माधव

Facebook


