बहराइच में मॉक ड्रिल के दौरान महिला घाघरा नदी में कूदी
बहराइच में मॉक ड्रिल के दौरान महिला घाघरा नदी में कूदी
बहराइच (उप्र) 12 जून (भाषा। बहराइच में घाघरा (सरयू) नदी पर बाढ़ राहत और आपदा प्रबंधन के लिए किया जा रहा ‘मॉक ड्रिल’ उस समय वास्तविक बचाव अभियान में बदल गया जब एक महिला नदी में कूद गई और बचाव दल ने शुरू में इसे अभ्यास का हिस्सा समझा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, जरवल रोड इलाके की रहने वाली 35 वर्षीय महिला ने बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे संजय सेतु (घाघरा पुल) से नदी में छलांग लगा दी। उस समय अधिकारियों, गोताखोरों और नाविकों का ‘मॉक ड्रिल’ चल रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने शुरू में समझा कि यह घटना ड्रिल का एक सुनियोजित हिस्सा है। कुछ ही पलों में बचावकर्मियों को एहसास हुआ कि महिला आत्महत्या का प्रयास कर रही थी और वे तुरंत कार्रवाई में जुट गए।
गोताखोरों और नाविकों ने उसे सुरक्षित बचा लिया और नाव से किनारे पर ले आये। बाद में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जरवल रोड थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि महिला ने पारिवारिक विवाद और कथित उत्पीड़न के कारण यह कदम उठाया।
पुलिस ने बताया कि महिला की करीब एक साल पहले शादी हुई थी। शादी के बाद उसका पति काम के सिलसिले में सऊदी अरब चला गया। महिला का आरोप है कि बाद में उसने संपर्क कम कर दिया, पैसे भेजना बंद कर दिया और उसके ससुराल वालों ने भी उसे घर छोड़ने के लिए मजबूर किया।
उनकी शिकायत के आधार पर उनके पति और ससुर के खिलाफ महिला उत्पीड़न सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि पति फिलहाल विदेश में है, जबकि ससुर से पूछताछ की गई है।
भाषा सं जफर
मनीषा
मनीषा

Facebook


