बेंगलुरु में गड्ढे के कारण टखने चटकने पर महिला ने की सड़क सुधार की मांग, भाजपा ने सरकार को घेरा
बेंगलुरु में गड्ढे के कारण टखने चटकने पर महिला ने की सड़क सुधार की मांग, भाजपा ने सरकार को घेरा
बेंगलुरु, पांच सितंबर (भाषा) कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक महिला ने स्थानीय नगर निकाय के अधिकारियों से सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की अपील की है, क्योंकि वर्थुर रोड पर एक “छिपे गड्ढे” के कारण महिला का टखना चटक जाने का कथित मामला सामने आया है, जिसके कारण महिला को आपातकालीन प्लास्टिक सर्जरी करानी पड़ी।
ऐशानी खन्ना ने अस्पताल में इलाज कराते हुए अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा की।
उन्होंने चार सितंबर को अपनी पोस्ट में कहा, “वर्थुर रोड पर गड्ढे की वजह से मेरा टखना चटक गया, आपातकालीन प्लास्टिक सर्जरी करानी पड़ी, पांच दिन अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा और 1.97 लाख रुपये खर्च हुए। कल ऐसा हममें से किसी के साथ भी हो सकता है। सड़कों को अभी ठीक करें!’’
उन्होंने ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण (जीबीए) और ग्रेटर बेंगलुरु विकास मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा समेत अन्य अधिकारियों को संबद्ध करते हुए मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई ने शनिवार को महिला की पोस्ट साझा की और बेंगलुरु में सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष किया।
भाजपा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बेंगलुरु के लोग अपनी हड्डियां तुड़वा रहे हैं, जबकि कर्नाटक कांग्रेस अपनी जेबें भर रही है!’’
भाजपा ने सवाल किया, ‘‘वर्थुर के पास एक युवती का गड्ढे के कारण टखना चटक गया और उसे इलाज पर 1.97 लाख रुपये खर्च करने पड़े। इसे ठीक करने से पहले आखिर कितने और नागरिकों को तकलीफ झेलनी पड़ेगी?’’
भाजपा ने बेंगलुरु में सड़क ढांचे पर किए गए खर्च पर भी सवाल उठाया। पार्टी ने मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के उस दावे का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि पिछले कुछ वर्षों में सड़कों पर 5,500 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
भाजपा ने ग्रेटर बेंगलुरु विकास मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा की उस घोषणा का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों के लिए अतिरिक्त 8,000 करोड़ रुपये आवंटित करने की बात कही थी।
भाजपा ने सवाल किया, ‘‘यह सारा पैसा आखिर जा कहां रहा है? क्या ये धनराशि भी आपकी लूट सरकार का हिस्सा बन गई है?’’
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश

Facebook


