मेहंदी लगाने के बहाने सहेली से घर की चाबियां लेकर महिला ने की चोरी
मेहंदी लगाने के बहाने सहेली से घर की चाबियां लेकर महिला ने की चोरी
नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में एक महिला ने अपनी सहेली के भरोसे का फायदा उठाते हुए, मेहंदी लगाने के बहाने उसके घर की चाबियां कथित तौर लीं और बाद में इन्हीं चाबियों का इस्तेमाल करके उसके घर में से 3.2 लाख रुपये नकद और सोने के कई गहने लेकर फरार हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उनके अनुसार, शिकायतकर्ता ने चार अप्रैल को दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे के बीच अपने घर में चोरी होने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि अज्ञात लोग उसके बंद घर में घुसे और नकदी और गहने लेकर फरार हो गए।
अधिकारी ने बताया, ‘चोरी की गई वस्तुओं में लगभग 3.2 लाख रुपये नकद और सोने के कई गहने शामिल थे, जैसे कि हार, अंगूठियां, चेन और पायल।’
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक व्यक्ति बुर्का पहने हुए एक महिला के साथ घटनास्थल के पास एक बैग ले जाते हुए दिखाई दिया।
पुलिस को सात अप्रैल को सूचना मिली की एक शख्स चोरी के ज़ेवरात बेचने की कोशिश कर रहा है जिसके बाद सुल्तानपुरी इलाके में छापा मारा गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘आरोपी की पहचान राजिंदर (22) के रूप में हुई है और उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।’
पूछताछ के दौरान, राजिंदर ने खुलासा किया कि उसने अपनी एक महिला रिश्तेदार की मदद से चोरी की थी, जो शिकायतकर्ता की कई वर्षों से सहेली थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला ने चोरी वाले दिन मेहंदी लगाने के बहाने शिकायतकर्ता के घर की चाबियां हासिल कर ली थीं और बाद में उन्हीं चाबियों का इस्तेमाल चोरी को अंजाम देने के लिए किया।
पुलिस ने राजिंदर के पास से 1.92 लाख रुपये नकद के साथ-साथ आभूषण भी बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला को बाद में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया और उसकी निशानदेही पर अतिरिक्त आभूषण बरामद किए गए।
भाषा नोमान नोमान वैभव
वैभव

Facebook


