बीड में महिला ने गला घोंटकर पति की हत्या की
बीड में महिला ने गला घोंटकर पति की हत्या की
बीड, एक जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में अपने पति की कथित तौर पर हत्या करने और इसे दिल का दौरा पड़ने के कारण हुई मौत बताने की कोशिश करने के आरोप में 40 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी नसरीन शरीफ पठान ने 28 जून की रात पाटोदा स्थित अपने घर में 45 वर्षीय शरीफ पठान का कथित तौर पर गला घोंट दिया था। वह अपने पति की शराब पीने की आदत से परेशान थी।
नसरीन ने शुरुआत में दावा किया था कि उसके पति को दिल का दौरा पड़ा है। अपने रिश्तेदारों की मदद से उसने पति को एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक अधिकारी ने बताया कि मृतक के गले के आसपास कुछ निशान और उसके शरीर पर खरोंच देखने के बाद पुलिस को संदेह हो गया। पूछताछ के दौरान महिला ने कथित तौर पर अपना अपराध कबूल कर लिया।
उन्होंने बताया कि एक स्थानीय अदालत ने मंगलवार को नसरीन को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


