महिला सशक्तीकरण और बाल कल्याण, मेरे दिल के बेहद करीब है: स्टालिन
महिला सशक्तीकरण और बाल कल्याण, मेरे दिल के बेहद करीब है: स्टालिन
(तस्वीरों के साथ)
(जे.वी. शिव प्रसन्ना कुमार)
चेन्नई, 11 अप्रैल (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने कहा है कि उनकी सरकार द्वारा शुरू की गई कई कल्याणकारी पहलों में से दो योजना (महिलाओं को मासिक राशि प्रदान करने से जुड़ी योजना और ‘मुख्यमंत्री नाश्ता योजना’) उनके दिल के बेहद करीब हैं।
मुख्यमंत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में बताया कि जहां महिला सशक्तीकरण योजना, जिसे देश के अन्य राज्यों में भी अपनाया जा रहा है, इतिहास में एक बहुत ही महत्वपूर्ण कार्यक्रम के रूप में दर्ज होगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार लाने के उद्देश्य से शुरू की गई नाश्ता योजना के अनगिनत लाभ हैं।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वे अपनी सरकार द्वारा लागू किए जा रहे कई कल्याणकारी कार्यक्रमों में से उन योजनाओं का नाम बता सकते हैं जिनसे उन्हें अपार संतुष्टि मिली है। इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘द्रविड़ मॉडल शासन में हमने जितनी भी योजनाएं लागू की हैं, वे सभी बहुत महत्वपूर्ण पहल हैं। हालांकि, मैं यह कहना चाहूंगा कि हमने कई योजनाएं लागू की हैं, लेकिन उनमें से दो योजनाएं मेरे दिल के बेहद करीब हैं। ये दो योजनाए हैं ‘कलैगनार मगलिर उरिमाई थोगाई योजना’ और ‘मुख्यमंत्री नाश्ता योजना’।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ ‘कलैगनार मगलिर उरिमाई थोगाई योजना’ के तहत परिवार की महिला मुखिया को प्रति माह 1,000 रुपये दिए जाते हैं। जब हमने पहली बार इस योजना की घोषणा की थी (2021 के चुनाव में), तो विपक्षी दलों ने इसकी आलोचना करते हुए कहा था कि इसे लागू करना संभव नहीं है, यह सिर्फ चुनाव के लिए घोषित की गई थी। लेकिन आज यह भारत में सबसे सफल ढंग से लागू की गई योजना है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जिन्होंने तब इसकी आलोचना की थी, वही लोग आज अपनी-अपनी पार्टियों द्वारा शासित राज्यों में इस योजना को लागू कर रहे हैं। हमारी अगली सरकार में, हम इस राशि को बढ़ाकर 2,000 रुपये करने जा रहे हैं। यह योजना इतिहास में एक बहुत ही महत्वपूर्ण योजना के रूप में दर्ज होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने स्कूलों में नाश्ता कार्यक्रम शुरू किया ताकि कोई भी बच्चा भूखा स्कूल न जाए। बाद में, हमने इसे सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों तक विस्तारित किया। अब हम अपनी अगली सरकार में इसे कक्षा आठ तक विस्तारित करेंगे।’’
स्टालिन ने भाजपा की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि उसने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को एक ‘हुक्म बजाने वाला विभाग’ बना दिया है।
उन्होंने तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टीएएसएमएसी) से जुड़े 1,000 करोड़ रुपये के कथित घोटाले और लगभग 5,000 करोड़ रुपये के अवैध रेत खनन को ‘भाजपा द्वारा रचित ईडी का नाटक’ बताया।
साक्षात्कार में उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा देश देख रहा है कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार किस तरह ईडी को एक ‘आज्ञाकारी एजेंसी’ बनाकर विपक्षी दलों को दबाने की कोशिश कर रही है, और इस तरह झूठे मामले थोप रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने कई बार उच्च न्यायालयों और यहां तक कि उच्चतम न्यायालय को भी ईडी की आलोचना करते हुए देखा है। जिन बातों का आपने जिक्र किया, वह केंद्र में सत्तारूढ़ ‘भाजपा द्वारा रचित ईडी का नाटक’ है।”
संतोष पवनेश
पवनेश
पवनेश

Facebook


