फर्जी पहचान वालों की गिरफ्त में ‘फंसी’ बेटियों की मदद करें महिलाएं: गुजरात के उपमुख्यमंत्री

फर्जी पहचान वालों की गिरफ्त में ‘फंसी’ बेटियों की मदद करें महिलाएं: गुजरात के उपमुख्यमंत्री

फर्जी पहचान वालों की गिरफ्त में ‘फंसी’ बेटियों की मदद करें महिलाएं: गुजरात के उपमुख्यमंत्री
Modified Date: March 6, 2026 / 05:12 pm IST
Published Date: March 6, 2026 5:12 pm IST

वडोदरा, छह मार्च (भाषा) ‘लव जिहाद’ शब्द का उल्लेख किए बिना गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने शुक्रवार को महिलाओं से उन ‘फंसी हुई बेटियों’ की मदद करने की अपील की जो फर्जी पहचान वाले पुरुषों का शिकार बन जाती हैं।

सांघवी ने यहां रामेश्वर महादेव मंदिर की ‘कलश यात्रा’ में अपने संबोधन में कहा कि राज्य में भाजपा सरकार ऐसे मामलों में शामिल अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए पूरी ताकत से आगे बढ़ रही है।

‘लव जिहाद’ एक ऐसा शब्द है जिसका इस्तेमाल अक्सर दक्षिणपंथी लोग मुस्लिम पुरुषों द्वारा अन्य धर्मों की महिलाओं को रिश्तों और शादी के जाल में फंसाकर उन्हें इस्लाम में परिवर्तित करने का आरोप लगाने के लिए करते हैं। ऐसे मामले सामने भी आए हैं जिनमें महिलाएं ऐसे पुरुषों का शिकार बनी हैं जो रिश्ते के अंतरधार्मिक पहलू को छिपाने के लिए फर्जी पहचान अपना लेते हैं।

सांघवी ने कहा, ‘‘अगर हमारी बेटियां भोलेपन में शिकार बन जाती हैं, तो आप महिलाओं को लक्ष्मीबाई की तरह आगे आना चाहिए। फंसी हुई बेटी को बचाने का संकल्प लें। अगर आप उसकी आलोचना करने के बजाय उसके साथ खड़ी रहेंगी, तो कोई भी उसे परेशान करने के बारे में सोच भी नहीं पाएगा।’’

इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के राज्य सरकार के संकल्प को सामने रखते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस कई जिलों में ऐसी कई महिलाओं को बचाने में सफल रही है।

इस अवसर पर वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान खाटू श्याम, सांवरिया सेठजी और भारत माता की प्रतिमाओं का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया गया।

बाद में दिन में सांघवी ने वडोदरा कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में भी भाग लिया।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश


लेखक के बारे में