व्यस्ततम सात रेल लाइनों को चार लेन में बदलने की दिशा में काम जारी : अश्विनी
व्यस्ततम सात रेल लाइनों को चार लेन में बदलने की दिशा में काम जारी : अश्विनी
(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि लगभग 11,000 किलोमीटर में फैले सात सबसे ज़्यादा व्यस्त रेल मार्गों को चार-लेन का बनाया जा रहा है ताकि पूरे देश में यात्रियों की आवाजाही और माल ढुलाई की क्षमता बढ़ाई जा सके।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘लगभग 11,000 किलोमीटर में फैले ये मार्ग रेलवे नेटवर्क का सिर्फ 16 प्रतिशत हैं, लेकिन कुल रेलवे यातायात का लगभग 41 प्रतिशत हिस्सा इन्हीं मार्गों से गुजरता है।’’
रेलमंत्री ने इन मार्गों के दायरे एवं महत्व को रेखांकित किया जहां भारत के कुल रेल यातायात का बड़ा हिस्सा गुजरता है।
भारत के कुछ सबसे बड़े शहरों और इलाकों को जोड़ने वाले सात सबसे व्यस्त रेल मार्ग– दिल्ली-हावड़ा, हावड़ा-चेन्नई, चेन्नई-मुंबई, मुंबई-दिल्ली, दिल्ली-चेन्नई, मुंबई-हावड़ा और दिल्ली-गुवाहाटी हैं।
रेल परिवहन के पर्यावरण और आर्थिक फायदों पर बल देते हुए वैष्णव ने कहा, ‘‘भारतीय रेल देश भर में माल ढुलाई और यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को संभालने एवं अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए सबसे व्यस्त नेटवर्क को चार-लेन वाला बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।’’
उन्होंने कहा कि प्रमुख रेल मार्गों को चार लेन का करना रेल क्षमता बढ़ाने, यातायात लागत घटाने और स्वच्छ आवागमन के प्रयासों का हिस्सा है।
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश

Facebook


