नोएडा में मजदूरों का हिंसक प्रदर्शन, दिल्ली से लगी सीमाओं पर यातायात जाम
नोएडा में मजदूरों का हिंसक प्रदर्शन, दिल्ली से लगी सीमाओं पर यातायात जाम
नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) नोएडा में कारखानों में काम करने वाले श्रमिकों द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर हिंसक प्रदर्शन करने की वजह से दिल्ली से लगी उसकी सीमाओं पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
विरोध प्रदर्शनों की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग 9 समेत विभिन्न मार्गों पर जाम लग गया और व्यस्त समय में लोग सड़कों पर फंसे रहे तथा गाड़ियों की कतारें कई किलोमीटर तक लग गईं।
स्थिति को देखते हुए दिल्ली के प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
अधिकारियों के मुताबिक, सुबह के समय नोएडा के अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों के मज़दूर वेतन बढ़ाने की अपनी लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर इकट्ठा हुए और उन्होंने नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन जल्द ही हिंसक हो गया, जिसमें कुछ प्रदर्शनकारियों ने कुछ संपत्तियों तोड़-फोड़ की, पत्थर फेंके और गाड़ियों में आग लगा दी।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हालात को संभालने और यातायात को व्यवस्थित करने के लिए दिल्ली पुलिस और नोएडा पुलिस के जवानों को तैनात किया गया था, लेकिन गाड़ियों की लंबी कतारों की वजह से जाम लग गया।’’
रास्तों पर फंसे परेशान यात्रियों ने ‘एक्स’ पर अपनी आपबीती लिखी।
एक निजी कंपनी में काम करने वाली महिला ने कहा कि वह सुबह करीब 7:30 बजे अपने घर से निकली थी और एक घंटे से ज़्यादा समय से यातायात जाम में फंसी है और गाड़ियां अपनी जगह से आगे नहीं बढ़ रही हैं।
एक और व्यक्ति ने सरकार से कुछ ट्रेनों के समय में देरी करने का अनुरोध करते हुए कहा, ‘‘प्रदर्शन और धरने के चलते भारी ट्रैफिक जाम के कारण, जिन यात्रियों को दिल्ली के अलग-अलग रेलवे स्टेशनों तक पहुंचना है, उन्हें स्टेशन तक पहुंचने में मुश्किल हो रही है। कृपया ट्रेन को 15 मिनट देरी से चलाने पर विचार करें।’’
एक बयान में कहा गया, ‘‘निजी कंपनियों के कारखानों के मज़दूरों के आंदोलन की वजह से नोएडा में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने चिल्ला बॉर्डर (दिल्ली) से आने वाले नोएडा लिंक रोड को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है। चिल्ला बॉर्डर से नोएडा की ओर जाने वाले यातायात पर बहुत असर पड़ा है।’’
अधिकारियों ने कहा कि जाम हटाने और जल्द से जल्द यातायात को ठीक करने की कोशिशें चल रही हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस पूरी तरह चौकन्नी और चौकस है। सभी ज़रूरी जगहों पर काफ़ी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी को भी कानून-व्यवस्था तोड़ने की इजाज़त नहीं दी जाएगी।’’
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वे हालात पर नज़र रख रहे हैं और उत्तर प्रदेश के अपने समकक्षों के संपर्क में हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सीमा पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि उस तरफ से प्रदर्शनकारियों की दिल्ली में किसी भी तरह की आवाजाही को रोका जा सके।
भाषा वैभव नरेश
नरेश

Facebook


