योग दिवस: ओडिशा के मुख्यमंत्री ने युवाओं को तनावमुक्त रहने के लिए योग करने की सलाह दी

योग दिवस: ओडिशा के मुख्यमंत्री ने युवाओं को तनावमुक्त रहने के लिए योग करने की सलाह दी

योग दिवस: ओडिशा के मुख्यमंत्री ने युवाओं को तनावमुक्त रहने के लिए योग करने की सलाह दी
Modified Date: June 21, 2026 / 02:48 pm IST
Published Date: June 21, 2026 2:48 pm IST

भुवनेश्वर, 21 जून (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को युवाओं को तनाव मुक्त रहने के लिए प्रतिदिन योग करने की सलाह दी।

माझी ने इस अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेते हुए कहा कि योग किसी एक धर्म तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव चेतना के विकास के लिए एक सार्वभौमिक उपहार है।

माझी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में युवा मोबाइल फोन और सोशल मीडिया में अत्यधिक व्यस्त रहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए युवाओं को तनावमुक्त रहने के लिए प्रतिदिन कम से कम 20 से 30 मिनट योग अवश्य करना चाहिए।’’

इस वर्ष की थीम ‘बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग’ पर मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि बढ़ती उम्र के कारण उत्पन्न होने वाली विभिन्न शारीरिक और मानसिक समस्याएं, जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, चिंता और अकेलापन, योग के माध्यम से काफी हद तक दूर की जा सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच और प्रयासों के कारण योग को वैश्विक स्तर पर पहचान और सम्मान प्राप्त हुआ है।

इस बीच, ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने लोक भवन में आयोजित एक योग कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘योग केवल एक अभ्यास नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक ऐसी पद्धति है जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करती है। भारत की इस अमूल्य और कालजयी धरोहर को अपनाते हुए हमें एक अधिक स्वस्थ, संतुलित और जागरूक समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दृढ़ करना चाहिए। मैं सभी लोगों से आग्रह करता हूं कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और इसकी परिवर्तनकारी शक्ति का अनुभव करें।’’

भाषा शोभना अमित

अमित


लेखक के बारे में