योग शरीर और मन के लिए समग्र अभ्यास : मिजोरम के राज्यपाल विजय कुमार सिंह
योग शरीर और मन के लिए समग्र अभ्यास : मिजोरम के राज्यपाल विजय कुमार सिंह
आइजोल, 21 जून (भाषा) मिजोरम के राज्यपाल विजय कुमार सिंह ने रविवार को योग को एक ‘समग्र अभ्यास’ बताया, जो शरीर और मन दोनों के स्वास्थ्य को ठीक रखता है।
उन्होंने आइजोल के जोखावसांग क्षेत्र स्थित असम राइफल्स हेलीपैड पर 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय समारोह का नेतृत्व किया।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय आयुष मिशन और आयुष निदेशालय द्वारा ‘बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 300 लोगों ने भाग लिया, जिनमें असम राइफल्स के जवान, मिजो एयर स्क्वाड्रन एनसीसी के सदस्य और सरकारी अधिकारी शामिल थे।
मिजोरम के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री लालरिनपुई ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने सभा को संबोधित करते हुए योग को वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया।
उन्होंने कहा कि योग एक समग्र अभ्यास है जो शरीर और मन के कल्याण को बढ़ावा देता है।
उन्होंने कहा, ‘‘योग का उद्देश्य शरीर के भीतर सामंजस्य स्थापित करना है।’’
सिंह ने योग की सुलभता और किफायती होने पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके लिए किसी विशेष उपकरण की आवश्यकता नहीं होती और इसे कहीं भी किया जा सकता है, जिससे यह सभी आयु वर्ग और पृष्ठभूमि के लोगों के लिए उपयुक्त है।
लालरिनपुई ने कहा कि मिजोरम में इस आयोजन के माध्यम से राज्य ने शांति, स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवन को बढ़ावा देने वाले वैश्विक आंदोलन में अपनी भागीदारी दर्ज कराई है।
उन्होंने कहा कि योग आधुनिक जीवन के तनाव के बीच संतुलन और शांति प्रदान करता है।
मंत्री ने कहा, ‘‘योग एक सरल व्यायाम है जिसे हर कोई कर सकता है। यह सभी के लिए है और इसमें हर किसी के लिए स्थान है।’’
अधिकारियों ने बताया कि योग दिवस का आयोजन राज्य के जिला अस्पतालों, स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों और शैक्षणिक संस्थानों में भी किया गया।
भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश
अविनाश

Facebook


