वनाग्नि के कारण गंगोत्री राजमार्ग पर गिर रहे पत्थरों की चपेट में आकर युवक की मौत

वनाग्नि के कारण गंगोत्री राजमार्ग पर गिर रहे पत्थरों की चपेट में आकर युवक की मौत

वनाग्नि के कारण गंगोत्री राजमार्ग पर गिर रहे पत्थरों की चपेट में आकर युवक की मौत
Modified Date: March 5, 2026 / 11:10 pm IST
Published Date: March 5, 2026 11:10 pm IST

उत्तरकाशी, पांच मार्च (भाषा) उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में जंगलों में लगी आग के कारण गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिर रहे पत्थरों की चपेट में आकर बृहस्पतिवार को एक युवक की मौत हो गई।

जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, घटना बाड़ाहाट रेंज के तहत गणेशपुर और नेताला के बीच हुई जहां राजमार्ग पर मोटरसाइकिल से गुजर रहा मयंक पंवार (28) जंगलों में लगी आग के कारण गिर रहे पत्थरों की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर इकटठा हुए लोगों ने पंवार को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मृत्यु हो गयी। पंवार लाटा गांव का निवासी था।

अस्पताल के के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पीएस पोखरियाल ने बताया कि युवक को गंभीर अंदरूनी चोट आई थीं।

स्थानीय निवासियों ने युवक की मौत के लिए वन विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और वनाग्नि को जल्द काबू करने की मांग की है।

पिछले दो दिन से पहाड़ पर जंगलों में लगी आग के कारण वहां से पत्थर गिर रहे हैं जबकि जलते हुए पेड़ों के गिरने का खतरा भी बना हुआ है।

उनका कहना है कि वनाग्नि धीरे-धीरे सड़कों और आवासीय बस्ती के समीप पहुंच रही है और अगर जल्द कोई कदम नहीं उठाया गया तो वनाग्नि बड़ी आपदा का रूप ले सकती है।

भाषा सं दीप्ति जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में