क्रिकेट मैच में एक रन को लेकर हुए विवाद के चलते विशाखापत्तनम में युवक की हत्या
क्रिकेट मैच में एक रन को लेकर हुए विवाद के चलते विशाखापत्तनम में युवक की हत्या
विशाखापत्तनम, सात अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक निजी जमीन के पास दो स्थानीय टीमों के बीच क्रिकेट मैच के दौरान एक रन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, रविवार को मैच के दौरान एक रन को लेकर खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस छिड़ गई, जिसे मैच के अंपायर चिरंजीवी के हस्तक्षेप के बाद सुलझा लिया गया।
अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बहस के बाद, शाम को आरोपी के. किशोर (26) ने अंपायर के भाई अजीत (23) पर हमला किया तथा उसी मुद्दे पर हुई एक और कहासुनी के बाद चाकू से उसके सीने पर वार किया।
पुलिस ने बताया कि किशोर एक निजी फोटोग्राफर है और उसने एक रन को लेकर अंपायर से बहस की थी।
अधिकारी ने बताया कि जब दोनों पक्षों का बाद में फिर से आमना-सामना हुआ, तो बहस हाथापाई में बदल गई, जिसके कारण घातक हमला हुआ।
पुलिस ने बताया कि अजीत को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने घटना के सिलसिले में एक मामला दर्ज किया है।
भाषा तान्या सुभाष
सुभाष

Facebook


