नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में कैंडल मार्च निकाला और पिछले महीने चलती बस में दुष्कर्म की शिकार हुई 16 वर्षीय लड़की के लिए जल्द न्याय की मांग की।
युवाओं और छात्र कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियां और तख्तियां लेकर मार्च में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पीड़िता के लिए न्याय और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नारे लगाए।
आईवाईसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि यह प्रदर्शन पीड़िता और उसके परिवार के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए किया गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करनी चाहिए तथा दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।’’
चिब ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को केवल राजनीतिक नारों तक सीमित नहीं किया जा सकता। चिब ने पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा तथा सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों के विरोध में आवाज उठाना छात्रों और युवाओं की जिम्मेदारी है।
भाषा शफीक रंजन
रंजन