बेंगलुरु, 21 मई (भाषा) राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) में कथित अनियमितताओं को लेकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को यहां प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार से इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
फ्रीडम पार्क में हुए प्रदर्शन में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव और प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला के अलावा कई मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शन के दौरान सिद्धरमैया, सुरजेवाला और अन्य नेता एक टी-शर्ट लिए हुए थे, जिस पर ‘‘प्रधानमंत्री झुक गए हैं’’ लिखा था। वहीं, कुछ नेता अपने हाथों में ‘आई एम कॉकरोच’ (मैं कॉकरोच हूं) लिखी टी-शर्ट पकड़े नज़र आए।
प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मंजूनाथ गौड़ा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने प्रश्न पत्र लीक मामले में जवाबदेही तय करने की मांग संबंधी तख्तियां ले रखी थीं और वे केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सुरजेवाला ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने देश में कई परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक होने का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं आयोजित कराने में यह सरकार पूरी तरह विफल रही है और इसने देश की शिक्षा व्यवस्था को ‘ध्वस्त’ कर दिया है।
सुरजेवाला ने आरोप लगाया, ‘पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार ने भारत की शिक्षा व्यवस्था को शिक्षा माफिया और प्रश्न पत्र लीक माफिया के हाथों में सौंप दिया है।’
उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में नीट समेत कई भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं की विश्वसनीयता से समझौता किया गया है।
कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया, ‘अगर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) में चोर ही नीट प्रणाली को नियंत्रित करेंगे, तो हमारे युवाओं के भविष्य की रक्षा कौन करेगा?’
प्रदर्शनकारियों ने लोक भवन की ओर मार्च किया, लेकिन पुलिस ने अवरोधक लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
चिकित्सा पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए तीन मई को आयोजित नीट (यूजी) 2026 परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बीच, दो दिन बाद ही रद्द कर दिया गया था।
केंद्र सरकार ने इस मामले में कथित अनियमितताओं की व्यापक जांच का जिम्मा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपा है।
भाषा सुमित सुभाष
सुभाष