उत्तर पूर्वी दिल्ली के कुख्यात गिरोह से जुड़ा युवक अपरहण मामले में गिरफ्तार
उत्तर पूर्वी दिल्ली के कुख्यात गिरोह से जुड़ा युवक अपरहण मामले में गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने अपहरण, रंगदारी और फिरौती के एक मामले में एक गिरोह के 22 वर्षीय संदिग्ध सदस्य को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुराने मुस्तफाबाद का रहने वाला आरोपी शोएब मलिक उर्फ छोटा बाबर कथित तौर पर नसीम दुर्रानी गिरोह से जुड़ा हुआ है। यह गिरोह मुख्य रूप से उत्तर पूर्वी दिल्ली में सक्रिय है और कथित तौर पर अवैध हथियारों की तस्करी, अपहरण और रंगदारी जैसे मामलों में शामिल है।
पुलिस ने बताया कि मलिक को गुप्त सूचना के बाद बुधवार को न्यू अशोक नगर से गिरफ्तार किया गया।
वह इस साल मार्च में पिस्तौल के बल पर एक व्यक्ति के कथित अपहरण के संबंध में दयालपुर थाने में दर्ज मामले में वांछित था।
अधिकारी ने कहा, ‘उसने (मलिक) और उसके साथियों ने मुस्तफाबाद इलाके से पीड़ित का कथित तौर पर अपहरण किया, फिरौती के रूप में 10 लाख रुपये की मांग की, उसके साथ मारपीट की, उसका आईफोन छीन लिया और मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से उसके बैंक खाते से धोखाधड़ी से लगभग दो लाख रुपये स्थानांतरित कर लिए।’
पुलिस ने बताया कि इस मामले में तीन सह-आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि शोएब फरार था। पुलिस ने कहा कि उसके खिलाफ एक अदालत ने गैर-जमानती वारंट भी जारी किया था।
पुलिस ने बताया कि शोएब दयालपुर थाने का खराब चरित्र का व्यक्ति घोषित है और वह कथित तौर पर हत्या के प्रयास, झपटमार, शस्त्र अधिनियम से जुड़े मामले और संगठित अपराध सहित कई आपराधिक मामलों में शामिल है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश

Facebook


