कर्नाटक: कांग्रेस 2023 में हारे विधानसभा क्षेत्रों में निकालेगी दूसरी भारत जोड़ो यात्रा: हरिप्रसाद
कर्नाटक: कांग्रेस 2023 में हारे विधानसभा क्षेत्रों में निकालेगी दूसरी भारत जोड़ो यात्रा: हरिप्रसाद
बेंगलुरु, 28 सितंबर (भाषा) कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी के हरिप्रसाद ने सोमवार को कहा कि पार्टी राज्य के उन सभी 84 विधानसभा क्षेत्रों में दूसरी ‘भारत जोड़ो’ पदयात्रा करेगी, जहां वह 2023 के चुनाव में हार गई थी तथा यह यात्रा 30 सितंबर को शिवमोगा जिले के शिकारीपुरा से शुरू होगी।
हरिप्रसाद ने बताया कि 2022 में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के कर्नाटक में प्रवेश की याद में यह पद यात्रा 29 जिलों में निकाली जायेगी और इसके 84 दिनों तक चलने की संभावना है।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘30 सितंबर, 2022 को राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो पदयात्रा’ के कर्नाटक में प्रवेश की याद में और उस मौके का जश्न मनाने के लिए, हम 30 सितंबर से कर्नाटक में दूसरी ‘भारत जोड़ो’ यात्रा भी शुरू कर रहे हैं।’’
हरिप्रसाद ने कहा कि मार्च दोपहर एक बजे शुरू होगा और हर दिन एक जनसभा के साथ खत्म होगा।
कांग्रेस ने 2023 में जिन सभी 84 विधानसभा क्षेत्रों में हार का सामना किया था, वहां उसने यह पदयात्रा निकालने का फैसला किया है। इसके अलावा यह 29 जिलों से होकर गुजरेगी, जिनमें वे 11 जिले भी शामिल हैं, जहां से राहुल गांधी ने मूल भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पैदल मार्च किया था।
पहला मार्च 30 सितंबर को शिकारीपुरा में होगा, जिसमें शिवमोगा जिले के मंत्रियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। हरिप्रसाद ने जिन लोगों के नाम लिए, उनमें ज़मीर अहमद खान, बी.एल. शंकर और मधु बंगारप्पा शामिल थे।
जब हरिप्रसाद से पूछा गया कि शुरुआत के लिए शिकारीपुरा को ही क्यों चुना गया, उन्होंने कहा,‘‘ शिकारीपुरा से शुरुआत करने की वजह यह है कि भाजपा अध्यक्ष ने कहा था कि पार्टी गर्मियों में एक बड़ी पदयात्रा करेगी। इसलिए, हम लोगों को कमियों के बारे में बताना चाहते हैं कि भाजपा क्या कर रही है और उनके कार्यक्रमों की वजह से कौन-सी त्रासदियां और झटके लग रहे हैं।’’
शिवमोगा जिले का शिकारीपुरा भाजपा का गढ़ है, जहां से अभी विधानसभा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र प्रतिनिधित्व करते हैं।
उनसे पहले, उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा वहां से विधायक थे।
विजयेंद्र के बड़े भाई बी.वाई. राघवेंद्र शिवमोगा से सांसद हैं।
हरिप्रसाद ने यह भी कहा कि इस कार्यक्रम का मकसद संवैधानिक संस्थाओं के कामकाज के बारे में जागरूकता फैलाना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इन संस्थाओं को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ज़रूरत पड़ने पर कुछ ज़िलों को दो बार कवर किया जा सकता है।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


