युवक लापता: मुख्यमंत्री उमर का उपराज्यपाल से गुंडागर्दी के खिलाफ कड़ा संदेश देने का आग्रह

युवक लापता: मुख्यमंत्री उमर का उपराज्यपाल से गुंडागर्दी के खिलाफ कड़ा संदेश देने का आग्रह

युवक लापता: मुख्यमंत्री उमर का उपराज्यपाल से गुंडागर्दी के खिलाफ कड़ा संदेश देने का आग्रह
Modified Date: April 14, 2026 / 05:32 pm IST
Published Date: April 14, 2026 5:32 pm IST

श्रीनगर, 14 अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से रामबन के एक युवक की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया ताकि यह कड़ा संदेश दिया जा सके कि केंद्र शासित प्रदेश में जंगल राज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबेहरा इलाके में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अब्दुल्ला ने कहा, ‘हम चाहते हैं कि माहौल अच्छा बना रहे, लेकिन कुछ लोग ऐसे हैं जो यहां जंगल राज स्थापित करना चाहते हैं। वे यहां के माहौल को खराब करना चाहते हैं और सांप्रदायिक संघर्ष पैदा करना चाहते हैं।’

रामबन की घटना का जिक्र करते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि वहां एक निर्दोष व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी।

उन्होंने कहा, ‘जो लोग धर्म की आड़ में यहां का माहौल खराब करना चाहते हैं, मैं उन लोगों को बताना चाहता हूं कि जब तक मेरी सरकार है, हम उन्हें जम्मू कश्मीर में कभी सफल नहीं होने देंगे।’

मुख्यमंत्री ने उपराज्यपाल सिन्हा से हत्या में शामिल लोगों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील की, ‘ताकि यह संदेश दिया जा सके कि मौजूदा सरकार जम्मू कश्मीर में इस गुंडागर्दी, इस जंगल राज को बर्दाश्त नहीं करेगी।’

मंगलवार को अधिकारियों ने जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में एक व्यक्ति की तलाश के लिए कई एजेंसियों के साथ मिलकर तलाशी अभियान तेज कर दिया। आशंका है कि वह व्यक्ति अपने वाहन में गाय ले जाने के कारण कथित तौर पर पिटाई किए जाने के बाद एक तेज बहती धार में गिर गया था।

इस मामले में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले के कारण जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे व्यापक विरोध प्रदर्शन और तनाव फैल गया था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, उखराल तहसील के मुंडखाल पोगल का निवासी तनवीर अहमद चोपान (25) रविवार को एक टाटा मोबाइल वाहन पर एक दुधारू गाय और दो बछड़ों को लेकर जम्मू से अपने पैतृक गांव जा रहा था तभी कथित तौर पर गौ रक्षकों ने उसका पीछा किया और उस पर हमला किया।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश


लेखक के बारे में