दिल्ली में 400 रुपये के लिए युवक की हत्या, तीन नाबालिग पकड़े गए

दिल्ली में 400 रुपये के लिए युवक की हत्या, तीन नाबालिग पकड़े गए

दिल्ली में 400 रुपये के लिए युवक की हत्या, तीन नाबालिग पकड़े गए
Modified Date: April 4, 2026 / 08:16 pm IST
Published Date: April 4, 2026 8:16 pm IST

नयी दिल्ली, चार अप्रैल (भाषा) पूर्वोत्तर दिल्ली के दयालपुर इलाके में 400 रुपये को लेकर हुए विवाद के बाद 26 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या किए जाने के मामले में तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान ‘न्यू मुस्तफाबाद’ निवासी कैफ के रूप में हुई है। उस पर उसके परिचित लोगों ने शुक्रवार शाम हमला किया था।

उन्होंने बताया कि कैफ को जेपीसी (जग प्रवेश चंद्र) अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में एक मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद अपराध एवं फॉरेंसिक दल ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए।

अधिकारी ने कहा, ‘‘विभिन्न सुरागों और जुटाई गई जानकारी के आधार पर तीन किशोरों को पकड़ा गया, जिनकी आयु करीब 16 वर्ष है।’’

अधिकारी के अनुसार, इन नाबालिग आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि कैफ ने उनसे 400 रुपये उधार लिए थे, जिसे लेकर उनके बीच विवाद था।

उन्होंने कहा, ‘‘घटना वाले दिन उनके बीच बहस बढ़ गई और बाद में चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी गई।’’

पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर अपराध में इस्तेमाल किए गए तीन चाकू बरामद किए गए।

एक सूत्र ने यह भी बताया कि पुलिस को पता चला है कि आरोपियों ने हमले का वीडियो बनाया था और उसे ऑनलाइन अपलोड किया था, जिसके बाद पुलिस इस मामले में सोशल मीडिया की भूमिका की जांच कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी हाल में रिलीज हुई एक बॉलीवुड फिल्म से प्रभावित प्रतीत होते हैं। मामले की जांच जारी है।

भाषा

सिम्मी दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में