महात्मा फुले के जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक जागरूकता में सक्रिय भागीदारी निभाएं युवा: भजनलाल शर्मा
महात्मा फुले के जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक जागरूकता में सक्रिय भागीदारी निभाएं युवा: भजनलाल शर्मा
(फाइल फोटो के साथ)
जयपुर, आठ मई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को युवाओं से आह्वान किया कि वे महात्मा ज्योतिबा फुले के जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक जागरूकता में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
वह यहां महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
शर्मा ने कहा कि समाज सुधार एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए महात्मा फुले ने अपनी पत्नी सावित्री बाई फुले के साथ मिलकर महिला शिक्षा की अलख जगाई तथा सामाजिक जागरूकता को नई दिशा दी।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार भी महिला शिक्षा, सशक्तीकरण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरन्तर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से महात्मा फुले के जीवन से प्रेरणा लेकर केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
एक सरकारी बयान के अनुसार उन्होंने कहा कि महात्मा फुले की 200वीं जयंती पूरे देश में दो वर्ष तक मनाने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस उत्सव को धूम-धाम से मना रही है तथा उसने हिंडौली में महात्मा फुले एवं सावित्रीबाई फुले की जीवनी पर आधारित पैनोरमा और पुस्तकालय निर्माण का संकल्प लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के हर प्रखंड में सावित्री बाई फुले ई-लाइब्रेरी तथा समस्त जिलों में महात्मा ज्योतिबा फुले आदर्श विद्यालय स्थापना का फैसला किया गया है तथा 16 सावित्री बाई फुले छात्रावास के नये भवनों का निर्माण भी करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 23 से 25 मई तक यहां ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026’ का आयोजन करेगी। उन्होंने आमजन को इस आयोजन से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य के किसान को समृद्ध और खुशहाल बनाने के लक्ष्य के साथ निरन्तर कार्य कर रही है।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार

Facebook


