योयो हनी सिंह ने दिल्ली उच्च न्यायालय में कहा: ‘वॉल्यूम 1’ नहीं गाया
योयो हनी सिंह ने दिल्ली उच्च न्यायालय में कहा: ‘वॉल्यूम 1’ नहीं गाया
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) गायक योयो हनी सिंह ने बृहस्पतिवार को दिल्ली उच्च न्यायालय में कहा कि उन्होंने 2006 में रिलीज हुए ‘‘अश्लील’’ गीत ‘वॉल्यूम 1’ को नहीं गाया था।
इस गीत को कथित तौर पर सिंह और बादशाह ने अपने बैंड ‘माफिया मुंडीर’ के तहत जारी किया था।
सिंह के वकील ने न्यायामूर्ति पुरुषैंद्र कुमार कौरव से कहा, ‘‘यह मेरे लिए इस कलंक को मिटाने का समय है… हमने यही रुख अपनाया है। मैं अदालत की सहायता करने के लिए यहां हूं ताकि यह सामग्री हटाई जा सके। मैंने सार्वजनिक रूप से कहा है कि यह गीत मैंने नहीं गाया है।’’
अदालत हिंदू शक्ति दल की उस याचिका पर सुनवाई कर रही, जिसमें गीत को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटाने का अनुरोध किया गया था।
वरिष्ठ अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि इस गीत से संबंधित कार्यवाही नागपुर की एक अदालत में भी उनके मुवक्किल के खिलाफ लंबित है, जहां गायक ने इसी तरह का रुख अपनाया है।
वकील ने याचिकाकर्ता के इस दावे का भी खंडन किया कि सिंह ने 1 मार्च 2025 को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में इस गीत की कुछ पंक्तियां गाई थीं।
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा कुछ नहीं हुआ था। मैंने गीत नहीं गाया। अगर 50,000 से अधिक लोगों की बैठने की क्षमता वाले स्टेडियम में ऐसा कुछ हुआ होता, तो उसका कोई न कोई वीडियो क्लिप जरूर होता।’’
अदालत ने इसे एक ‘‘गंभीर’’ मामला करार देते हुए, सिंह से कहा कि वह अपना पक्ष रखते हुए एक हलफनामा दाखिल करें। न्यायाधीश ने याचिका की सुनवाई 19 मई के लिए सूचीबद्ध कर दी।
उच्च न्यायालय ने याचिकाकर्ता से गायक बादशाह को नोटिस तामील कराने के संबंध में हलफनामा दाखिल करने को भी कहा।
अदालत ने दो अप्रैल को, हनी सिंह और बादशाह द्वारा कथित तौर पर 2006 में जारी किए गए ‘‘अश्लील’’ और ‘‘अपमानजनक’’ गीत पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह गीत शिष्टता के न्यूनतम मानकों की घोर अवहेलना करता है, और इसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटाने का निर्देश दिया।
उच्च न्यायालय ने उल्लेख किया कि यह गीत, जिसे 2006 में कथित तौर पर दोनों गायकों द्वारा ‘माफिया मुंडीर’ के तहत जारी किया गया था, विभिन्न उपयोगकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया और इसे लाखों लोगों ने देखा है।
अदालत ने दोनों गायकों को नोटिस जारी किया।
याचिकाकर्ता ने कहा कि 2006-2007 में हनी सिंह और बादशाह ने आपत्तिजनक और अश्लील गीत को गुपचुप तरीके से रिलीज किया था।
याचिका में कहा गया कि बड़ी संख्या में प्रशंसकों वाला सेलिब्रिटी होने के नाते, हनी सिंह और बादशाह को इस गीत की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
याचिका में, यूट्यूब और स्पॉटीफाई से गीत को हटाने के लिए निर्देश देने का अदालत से अनुरोध किया गया है।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश

Facebook


