फिल्म- मॉम
स्टारकास्ट- श्रीदेवी, नवाजुद्दीन सिद्दीका, अक्षय खन्ना, अदनान सिद्दीकी, अभिमन्यु सिंह, सज़ल अली
निर्देशक रवि उदयवर
फिल्म की कहानी दिल्ली की है जहां नाइट पार्टी से लेकर यंगस्टर्स की लाइफ को इसमें केंद्र में रखा गया है. फिल्म की कहानी निर्भया कांड की यादें ताजा करा देती हैं, और रौंगटे खड़ा करने का काम करती है.
फिल्म की शुरुआत एक टीनेजर और उसकी सौतेली मां के बीच रूखेपन वाले व्यवहार से होती है। यह पूरा ट्रैक बड़ी ही खूबसूरती से फिल्माया गया है और फिर टीनेजर के रेप और उसके साथ दुर्व्यवहार के बाद फिल्म का एक अलग पहलू नज़र आता है। फिल्म के प्लॉट के बारे में यहां और बताना सही नहीं, क्योंकि इससे क्लाइमैक्स का भी खुलासा हो सकता है।
श्रीदेवी ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि वे एक जानदार अभिनेत्री हैं. फिल्म में अगर कुछ मौकों पर उनकी कंपकंपाती आवाज और उच्चारण को छोड़ दें और सिर्फ उनकी एक्टिंग को देखें तो वे कमाल हैं. उन्होंने टीचर और एक मां के कैरेक्टर को इतने मंजे हुए अंदाज में निभाया है कि वह दिल को छू जाता है. स्क्रीन पर उनकी मजबूत मौजूदगी देखकर अच्छा लगता है. नवाजुद्दीन सिद्दीकी का रोल छोटा लेकिन काफी महत्वपूर्ण है, और उनकी यह खासियत है कि वह अपनी छाप अच्छे से छोड़ जाते हैं. वे फिल्म में दरियागंज के लोकल डिटेक्टिव बने हैं, जिसे बूंदी का रायता पसंद है. कम समय की स्क्रीन प्रेजेंस के बावजूद डीके का उनका कैरेक्टर लंबे समय दर्शकों के जेहन में रहने वाला है. अक्षय खन्ना का पुलिस अधिकारी का कैरेक्टर ठीक-ठाक है. अदनान और सजल का काम भी अच्छा है.