इंदौर, 11 अगस्त (भाषा) बेंगलुरु के पास ट्रेकिंग के दौरान चार दिन से लापता 31 वर्षीय पेशेवर की तलाश में मध्यप्रदेश पुलिस ने कर्नाटक पुलिस को मंगलवार को मदद की पेशकश की। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इंदौर के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमें सोशल मीडिया से जानकारी मिली कि मूलत: इंदौर के निवासी अद्वैत उपाध्याय (31) बेंगलुरु के पास शिवगंगे में ट्रेकिंग के दौरान लापता हो गए हैं। हमने इस मामले में कर्नाटक पुलिस से संपर्क किया है और जांच में आवश्यक सहयोग की पेशकश की है।’’
उन्होंने बताया, ‘‘कर्नाटक पुलिस उपाध्याय की लगातार तलाश कर रही है। हम कर्नाटक पुलिस के संपर्क में हैं। जांच में किसी भी तरह के सहयोग की जरूरत होने पर इंदौर पुलिस तत्काल मदद करेगी।’’
दंडोतिया ने बताया कि उपाध्याय के परिजनों की ओर से अब तक इंदौर पुलिस से कोई संपर्क नहीं किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक बेंगलुरु में एक वित्तीय कंपनी में काम करने वाले उपाध्याय के लापता होने की जानकारी कर्नाटक पुलिस को सात अगस्त को मिली थी।
उन्होंने बताया कि उपाध्याय ने अपनी मंगेतर को शिवगंगे में ट्रेकिंग पर जाने की योजना के बारे में कथित रूप से बताया था।
भाषा हर्ष खारी
खारी