मप्र के छिंदवाड़ा में ट्रक और वैन की टक्कर में छह लोगों की मौत, 21 अन्य घायल

Ads

मप्र के छिंदवाड़ा में ट्रक और वैन की टक्कर में छह लोगों की मौत, 21 अन्य घायल

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 04:06 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 04:06 PM IST

छिंदवाड़ा, 22 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में सोमवार को मजदूरों से भरी एक खड़ी पिकअप वैन को ट्रक द्वारा टक्कर मार दिए जाने से छह लोगों की मौत हो गई और 21 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर तेमनी गांव के पास छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ।

छिंदवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दुर्घटना में एक महिला समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हुए हैं।

क्षेत्रीय उप पुलिस अधीक्षक रामेश्वर चौबे ने बताया कि पिकअप वैन सड़क किनारे खड़ी थी और उसका चालक किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहा था, तभी एक ट्रक ने वाहन को टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गई।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद कुछ समय तक राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाए जाने के बाद यातायात बहाल कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के दौरान ट्रक का पिछला बायां टायर फट गया, जिसके बाद वह एक मोटरसाइकिल से टकरा गया। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार उसकी चपेट में आ गया। इसके बाद ट्रक भी पलट गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने बताया कि घायलों में दो से तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

इस बीच, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

भाषा सं दिमो

धीरज

धीरज