राहुल गांधी के मप्र दौरे से पहले नवीन ने कहा,‘‘सत्ता का दरवाजा नहीं दिखने से विपक्षी नेता बेचैन’’
राहुल गांधी के मप्र दौरे से पहले नवीन ने कहा,‘‘सत्ता का दरवाजा नहीं दिखने से विपक्षी नेता बेचैन’’
इंदौर (मध्यप्रदेश), 17 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्षी नेताओं पर बृहस्पतिवार को निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता हासिल करने का कोई भी दरवाजा दिखाई नहीं देने से उन्हें बेचैनी हो रही है।
नवीन ने यह बात लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से दो दिन पहले कही। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार युवाओं के हित में कई योजनाएं संचालित कर रही है।
भाजपा अध्यक्ष, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और निर्वाचित जन प्रतिनिधि के तौर पर उनके 25 वर्ष पूरे होने पर इंदौर में राज्य सरकार के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को मोदी के नेतृत्व में भारत का तेज रफ्तार विकास, गरीब कल्याण और रक्षा क्षेत्र में देश का स्वाभिमान देखकर पीड़ा होती है।
नवीन ने कहा, ‘‘चूंकि उन्हें (विपक्षी नेता) अब सत्ता का कोई दरवाजा नहीं दिख रहा है, इसलिए उन्हें भीतर ही भीतर बेचैनी हो रही है।’’
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नयी दिल्ली में हाल ही में संपन्न 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में नजर आ रहा था कि दुनिया के शक्तिशाली मुल्क भारत के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार हैं, लेकिन विपक्ष के नेता भारत की धाक के बजाय सम्मेलन में परोसे गए व्यंजनों की सूची देख रहे थे।
नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा के ‘सेवा दिवस’, ‘सेवा संकल्प अभियान’, और ‘आशीर्वाद का दीया’ जैसे आयोजनों को लेकर सवाल उठाने वाले विपक्षी नेताओं को आड़े हाथों लिया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘आपने (विपक्षी नेता) केवल राजनीति की, हमने समाज को जोड़कर जनता को विकास की राह पर आगे ले जाने का काम किया। आप सेवा शब्द का मतलब समझ ही नहीं सकते।’’
नवीन ने कहा कि मोदी ने ‘राष्ट्र प्रथम’ के नारे से पूरे देश को एक सूत्र में बांध दिया है, जबकि विपक्ष की सोच ‘सेल्फ फर्स्ट’, ‘पार्टी नेक्स्ट’ और ‘नेशन लास्ट’ की है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने युवाओं के लिए स्टार्टअप योजना, यूनिकॉर्न योजना, मुद्रा ऋण योजना शुरू की है।
उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा, ‘‘इन दिनों लोग युवाओं की बात कर रहे हैं। मैं पूछता हूं कि आपके समय (कांग्रेस की पिछली सरकारें) 57 करोड़ युवाओं को ऋण देने की बात आपने कभी सोची भी थी क्या?’’
नवीन ने कहा कि देश में दो लाख से अधिक स्टार्टअप के साथ युवा आगे बढ़ रहे हैं और रोजगार देने वालों के रूप में उभर रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस की पिछली सरकारों पर हमला बरकरार रखते हुए कहा कि पहले सरकारी योजनाओं का लाभ वोट बैंक के आधार पर दिया जाता था, जबकि नरेन्द्र मोदी सरकार हर योजना के तहत गरीबों और ग्रामीणों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता मुहैया करा रही है।
नवीन ने कहा, ‘‘आपके पूर्वजों ने इस देश को केवल विभाजनकारी मानसिकता दी। भारत को बंटवारे के लिए मजबूर किया गया और आज जब देश एकजुट होकर साथ चलने को तैयार है, तो आपको बेचैनी हो रही है। आप कहते हैं कि हम देश को जोड़ेंगे। जो लोग देश को तोड़ने वाले व्यक्तियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते हैं, वे आज देश को जोड़ने की बात कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर आपके पूर्वज इस देश को सही तरह से जोड़ते, तो (जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा प्रदान करने संबंधी) अनुच्छेद 370 के अभिशाप को प्रधानमंत्री मोदी को समाप्त नहीं करना पड़ता और यह काम तत्कालीन गृह मंत्री सरदार पटेल ने ही कर दिया होता।’’
नवीन ने समारोह में राज्य सरकार की ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना 2026’ की शुरुआत की।
भाजपा अध्यक्ष ने योजना की तारीफ करते हुए कहा कि इस पहल के कारण ग्रामीण लोग अपनी मिल्कियत का पंजीयन कराते हुए स्वाभिमान से जिंदगी जी सकेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि देश में अपनी तरह की पहली योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की लगभग 50 लाख निजी संपत्तियों का निःशुल्क पंजीयन किया जाएगा।
भाषा हर्ष गोला
गोला

Facebook


