तृणमूल कांग्रेस के राज में बदहाल हुआ बंगाल, भाजपा सरकार बनने जा रही : मोहन यादव
तृणमूल कांग्रेस के राज में बदहाल हुआ बंगाल, भाजपा सरकार बनने जा रही : मोहन यादव
इंदौर, 29 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भारी मतदान पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए दावा किया कि सूबे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में पश्चिम बंगाल बदहाल हुआ।
मुख्यमंत्री ने खरगोन जिले में इंदौर नगर निगम के सौर ऊर्जा संयंत्र के उद्घाटन के बाद संवाददाताओं से कहा,’पश्चिम बंगाल में हुआ भारी मतदान जनता के भाजपा पर विश्वास और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आस्था का प्रतीक है।’
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के मतदाता मध्यप्रदेश, गुजरात और राजस्थान सरीखे भाजपा शासित राज्यों के आर्थिक विकास से प्रभावित हुए।
यादव ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल बहुत उत्कृष्ट राज्य रहा है, लेकिन पहले वामपंथी दलों और बाद में तृणमूल कांग्रेस के राज में इस राज्य की दुरावस्था हुई। इसे जनता ने अपनी खुली आंखों से देखा है। इसलिए लोकतंत्र में सबसे अच्छा बदला चुनाव के जरिये होता है।’’
उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की चार मई को होने वाली मतगणना में भाजपा की जीत होगी।
यादव ने कहा,‘‘हम सब देखेंगे कि बंगाल देश के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगा और एक बार फिर आर्थिक रूप से समृद्ध होगा।’’
उन्होंने कहा कि खासकर घुसपैठियों की समस्या के मद्देनजर भारत की सुरक्षा के लिए भी बेहद आवश्यक है कि पश्चिम बंगाल सरकार केंद्र और भाजपा के साथ चले।
भाषा
हर्ष रवि कांत

Facebook


