भोपाल: एसएसबी जवान ने आत्महत्या की, ‘सुसाइड नोट’ में निजी कारणों का हवाला
भोपाल: एसएसबी जवान ने आत्महत्या की, ‘सुसाइड नोट’ में निजी कारणों का हवाला
भोपाल, 19 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार तड़के सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक जवान ने सर्विस राइफल से खुद को कथित तौर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह जवान यहां कमला नगर थानाक्षेत्र के सीएसडी कैंप डिपो में तैनात था और उसकी पहचान महाराष्ट्र निवासी संदीप खारवाते (36) के रूप में हुई है।
अधिकारी के मुताबिक मौके से मराठी भाषा में लिखा एक ‘सुसाइड नोट’ बरामद हुआ है, जिसमें कथित तौर पर आत्महत्या की वजह निजी बताई गई है।
कमला नगर के थाना प्रभारी निरूपा पांडे ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘नाइट ड्यूटी खत्म करने के बाद जवान ने यह कदम उठाया। प्रथम दृष्टया सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आरक्षी के आत्महत्या कर लेने की बात आ रही सामने है।’’
उन्होंने कहा कि ‘सुसाइड नोट’ मराठी भाषा में लिखा हुआ है, जिसका हिंदी अनुवाद कराकर परीक्षण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद ही मौत के वास्तविक और सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा। प्राथमिक तौर पर आई जानकारी के मुताबिक जवान ने सुसाइड नोट में अपनी पत्नी से माफी मांगी है और यह कदम उठाने के पीछे निजी कारणों का जिक्र किया है।’’
पांडे ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और शव को हमीदिया अस्पताल की शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा ब्रजेन्द्र राजकुमार
राजकुमार

Facebook


