bhopal news/ image source: ibc24
Bhopal Love Jihad: भोपाल: भोपाल में एक होटल में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा एक हिंदू युवती के साथ मौजूद एक मुस्लिम युवक को पकड़कर कथित रूप से मारपीट करने और उस पर स्याही व गोबर लगाने की घटना के बाद शहर का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दोनों समुदायों के बीच आक्रोश और विरोध देखने को मिला। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भड़काऊ पोस्ट और आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (धारा 163) लागू है, बावजूद इसके कुछ जगहों पर इसका उल्लंघन कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की भड़काऊ गतिविधि या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर हिंदू संगठनों का कहना है कि वे कथित लव जिहाद और धर्मांतरण जैसे मामलों के खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहेंगे। दूसरी तरफ कुछ सामाजिक व धार्मिक प्रतिनिधियों ने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि कानून को हाथ में लेने के बजाय सभी पक्षों को प्रशासन के साथ सहयोग करना चाहिए। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि पूरे मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है और शांति भंग करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।