Reported By: Vivek Pataiya
,भोपाल: Bhopal News, मशहूर कथा वाचक प्रदीप मिश्रा (Pradeep Mishra) ने संघ की तुलना भगवान शिव से कर दी है। उन्होंने संघ की सामाजिक सद्भाव बैठक में यह बयान दिया है। पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि भगवान शिव, विष पीकर राष्ट्र की रक्षा करते हैं। इसी तरह संघ भी विष पीकर राष्ट्र की रक्षा करने में लगा हुआ है। इस दौरान प्रदीप मिश्रा ने यह भी कहा कि आने वाली पीढ़ी को प्रबल बनाना है।
Bhopal News, वहीं भोपाल में आयोजित ‘स्त्री शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने महिलाओं की भूमिका और समाज में उनके महत्व पर विस्तृत विचार रखे। उन्होंने कहा कि धर्म महिलाओं के कारण सुरक्षित है और परिवार में संवाद की कमी से कई सामाजिक समस्याएँ जन्म लेती हैं। लव जिहाद पर बोलते हुए उन्होंने इसे रोकने के लिए तीन स्तरों पर प्रयास करने की बात कही—पहला, परिवार के भीतर निरंतर संवाद; दूसरा, बच्चियों को सावधानी और आत्मरक्षा का संस्कार देना; और तीसरा, इस तरह के अपराध करने वालों का प्रभावी निराकरण।
मोहन भागवत ने कहा कि लव जिहाद अपने घरों और परिवारों से ही रुकेगा और इस पर विचार करना होगा कि बेटी किसी अपरिचित के बहकावे में कैसे आ गई। उन्होंने पश्चिमी समाज और भारतीय परंपरा में महिलाओं की स्थिति की तुलना करते हुए कहा कि पश्चिम में विवाह के बाद महिला का स्थान तय होता है, जबकि भारतीय परंपरा में मातृत्व से महिला का स्थान और ऊँचा होता है। आधुनिकता की आड़ में पश्चिमीकरण थोपे जाने पर भी उन्होंने चिंता जताई। इस कार्यक्रम में मंच पर प्रांत संघचालक अशोक पांडेय और विभाग संघचालक सोमकांत उमालकर भी मौजूद रहे।