मप्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए 71,000 से अधिक बूथों पर हर लाभार्थी तक पहुंचेगी भाजपा
मप्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए 71,000 से अधिक बूथों पर हर लाभार्थी तक पहुंचेगी भाजपा
भोपाल, 11 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 71,000 से अधिक बूथों पर केंद्र एवं राज्य सरकार की हर योजनाओं के लाभार्थी तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इन्हीं योजनाओं की बदौलत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि भारत जैसे दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में लगातार 25 वर्षों तक जनता का आशीर्वाद पाना लोकतांत्रिक इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जब देश के ‘प्रधान सेवक’ का कार्य संभाला, तब देश नीतिगत पंगुता (पॉलिसी पैरालिसिस) और निराशा के दौर से गुजर रहा था, लेकिन आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
खंडेलवाल ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान‘ चलाया जायेगा और इसके तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, सेवा कार्य, प्रदर्शनियां, संवाद एवं जनसंपर्क समेत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच सेवा का संकल्प लेकर पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को ‘सेवा संकल्प अभियान‘ की शुरुआत करने के साथ इसी दिन शाम सात बजे प्रदेश के सभी 71,000 से अधिक बूथों के हर लाभार्थी परिवारों के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक स्कूलों में ‘विकसित भारत‘ विषय पर चित्रकारी एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा और ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत 15-20 मिनट के संगीतमय नाटकों एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री के जीवन और योजनाओं को गांव-गांव, स्कूल, कॉलेज व चौपालों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आयोजन होंगे, जहां कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों का सम्मान किया जाएगा तथा महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण संबंधी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
खंडेलवाल ने कहा कि प्रदेश के सभी 11,404 शक्ति केंद्रों में सेवा की कहानी कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री की योजनाओं के लाभार्थियों की न्यूनतम 10-10 वास्तविक कहानियों (रील्स) को सोशल मीडिया पर साझा किया जाएगा और सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री के सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हर जिले और गांव में पदयात्रा, साइकिल व बाइक रैलियां निकाली जाएंगी, जो एक मुख्य स्थल पर मिलकर ‘विकसित भारत-2047‘ का सामूहिक संकल्प लेंगी।
भाषा ब्रजेन्द्र
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


