शिवपुरी (मप्र), 21 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शिवपुरी जिले से काम कर रहा ये गिरोह ‘डिजिटल अरेस्ट’ के जरिये लोगों से ठगी करता था। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने ‘ऑपरेशन मैट्रिक्स’ के तहत आरोपियों से मोबाइल फोन और चार पहिया वाहन समेत करीब 1.07 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ‘डेटिंग और चैटिंग’ एप के जरिए लोगों को निशाना बनाते थे।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि नौ विशेष टीमों ने करेरा, भोंटी और पिछोर क्षेत्रों में छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा।
उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह चार प्रकरण दर्ज किए गए थे, जिनमें 32 आरोपियों को नामजद किया गया है, और इनमें से अब तक 20 को गिरफ्तार किया जा चुका है।
राठौड़ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अंगद लोधी, विशाल लोधी, सुखदेव, अर्जुन और दीपक प्रजापति शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि अधिकतर आरोपी शिवपुरी और झांसी क्षेत्र के निवासी हैं। उन्होंने कहा कि शेष 12 फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिलाओं के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों से अश्लील बातचीत और वीडियो कॉल करते थे।
उसने बताया कि बाद में वे खुद को पुलिसकर्मी बताकर दुष्कर्म और बाल अश्लील सामग्री से जुड़े झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर पीड़ितों से पैसे ऐंठते थे।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सात वाहन, 29 स्मार्टफोन, 1.20 लाख रुपये नकद, एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक बरामद की हैं।
भाषा सं दिमो शफीक
शफीक