कांकेर। CG Soldier Missing: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के चिनौरी गांव का रहने वाला एक और सेना का जवान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। 11 जनवरी के बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला है। परिजन और स्थानीय प्रशासन उसकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
जानकारी के अनुसार जवान छुट्टी लेकर अपने घर आया हुआ था। 11 जनवरी को उसने झांसी से अपने परिजनों से अंतिम बार बातचीत की थी। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद है। चिंताजनक बात यह है कि जवान ने अपनी बटालियन में भी निर्धारित समय पर ज्वाइनिंग नहीं दी है। परिजनों का कहना है कि 11 जनवरी के बाद से उनका उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया है। लगातार फोन बंद आने से परिवार गहरे सदमे और चिंता में है।
CG Soldier Missing: उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जिले में ITBP का एक जवान लापता हो चुका है। लगातार दूसरी घटना से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। परिवार ने प्रशासन से जल्द से जल्द जवान की तलाश कर सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस और संबंधित एजेंसियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है।