दतिया उपचुनाव: शांतिपूर्वक मतदान जारी, सुबह नौ बजे तक 19.05 प्रतिशत मतदान

दतिया उपचुनाव: शांतिपूर्वक मतदान जारी, सुबह नौ बजे तक 19.05 प्रतिशत मतदान

दतिया उपचुनाव: शांतिपूर्वक मतदान जारी, सुबह नौ बजे तक 19.05 प्रतिशत मतदान
Modified Date: July 30, 2026 / 09:45 am IST
Published Date: July 30, 2026 9:45 am IST

दतिया (मध्यप्रदेश), 30 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तहत बृहस्पतिवार को शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है और सुबह नौ बजे तक 19.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि मतदान के लिए विधानसभा क्षेत्र में कुल 291 केंद्र बनाए गए हैं जिन पर 2,20,344 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर 21 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे।

कुल 291 मतदान केंद्रों में से 186 ग्रामीण क्षेत्रों में जबकि 105 शहरी क्षेत्रों में हैं। कुल पात्र मतदाताओं में 1,16,088 पुरुष और 1,04,246 महिलाएं हैं।

मतगणना के बाद परिणाम तीन अगस्त को घोषित किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी और दतिया के जिलाधिकारी स्वप्निल वानखड़े ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया है और लोग उत्साह के साथ अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘नौ बजे तक 19.05 प्रतिशत मतदान हो चुका है। कहीं से न तो कोई शिकायत मिली है और न ही कोई अप्रिय घटना हुई है। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है।’’

उन्होंने कहा कि मतदान के मद्देनजर राज्य निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं। उन्होंने लोगों से निर्भय होकर मतदान करने की अपील की है।

पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने बुधवार शाम को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मतदान के मद्देनजर सुरक्षा बलों की कंपनियां तैनात कर दी गई हैं। इसके साथ ही एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जहां प्राप्त होने वाली हर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रख रही है और मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दतिया सीट पर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है।

आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव भी चुनाव मैदान में हैं और वह मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

इन तीनों के अलावा 18 अन्य उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं, जो प्रमुख राजनीतिक दलों के चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।

उन्होंने मतदाताओं से ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ करने की अपील करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आपका वोट दतिया के उज्ज्वल भविष्य और मजबूत लोकतंत्र की नींव है। मत देकर विकसित भारत और विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें।’’

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील करते हुए कहा, ‘‘आपका एक-एक वोट दतिया के भविष्य, विकास और लोकतंत्र की मजबूती तय करेगा। निर्भीक होकर, अपने विवेक और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए मतदान करें।’’

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत आपका वोट है। पहले वोट करने जाना है, समृद्ध दतिया बनाना है।’’

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक पोस्ट में कहा कि आज केवल मतदान नहीं होगा बल्कि दतिया अपने भविष्य का निर्णय करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘यह चुनाव दतिया के सम्मान, स्वाभिमान, सार्थक भविष्य और विकास का चुनाव है। जन-जन का एक-एक वोट यह तय करेगा कि जनता की आवाज बुलंद होगी या सत्ता का अहंकार। आइए, लोकतंत्र के इस महापर्व में सच और साहस के पक्ष में मतदान करें।’’

राज्य के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार शाम एक वीडियो जारी कर मतदाताओं से भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

उन्होंने मतदाताओं से कहा कि कांग्रेस उनके बारे में भ्रम फैलाने की कोशिश करेगी, लेकिन वे भावनाओं में न बहें और तिवारी को जिताएं, जो उनके ‘छोटे भाई’ जैसे हैं।

भाजपा ने इस उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिया और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आने वाले आशुतोष तिवारी पर दांव लगाया।

वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से हराया था।

हालांकि, दिल्ली की एक अदालत ने अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और दतिया सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया।

बाद में भारती को जमानत मिल गई। भाषा ब्रजेन्द्र सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में