दतिया (मप्र), तीन अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सोमवार को कांग्रेस के उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों से पराजित कर दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी और दतिया के जिलाधिकारी स्वप्निल वानखड़े ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कांग्रेस प्रत्याशी ने 6,016 मतों से जीत दर्ज कर ली है।
उन्होंने बताया कि 15वें और आखिरी दौर की मतगणना के बाद घनश्याम सिंह को 66757 से अधिक मत मिले, जबकि तिवारी को 60741 से अधिक मत प्राप्त हुए।
आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव को 22527 मत मिले हैं जो तीसरे स्थान पर हैं।
रुझानों में जीत के संकेत मिलते ही भोपाल स्थित कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में जश्न की शुरुआत हो गई और पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे दतिया की जनता की जीत, 2028 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद और कांग्रेस नेताओं के सामूहिक प्रयास का नतीजा करार दिया।
पटवारी ने भोपाल में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि दतिया की जनता ने मध्यप्रदेश की भाजपा नीत सरकार के भ्रष्टाचार, आतंक और अहंकार के चेहरे को बेनकाब कर दिया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी दतिया की जनता का जीवन भर आभारी रहेगी, जिन्होंने मध्यप्रदेश में 2028 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद करते हुए बदलाव और भाजपा की विदाई की नींव रख दी है।
पटवारी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, उनके पुत्र व विधायक जयवर्धन सिंह, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और कमलेश्वर पटेल सहित कई अन्य नेताओं का नाम लेते हुए इसे पार्टी के सामूहिक प्रयास का नतीजा बताया।
इससे पहले, मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पॉलिटेक्निक कॉलेज में शुरू हुई।
यह उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को एक धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली की अदालत द्वारा इस वर्ष अप्रैल में तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई जाने और उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद कराया गया।
दतिया उपचुनाव में कांग्रेस के घनश्याम सिंह और भाजपा के आशुतोष तिवारी सहित कुल 21 उम्मीदवार मैदान में हैं।
उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को हुए मतदान में 71.44 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
राजेंद्र भारती ने 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा नेता एवं प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,700 से अधिक मतों से पराजित किया था। इस उपचुनाव में भाजपा ने मिश्रा को टिकट नहीं देकर तिवारी पर भरोसा जताया।
भाषा ब्रजेन्द्र अमित
अमित