भोपाल, दो अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के सोमवार को घोषित होने वाले परिणाम से पहले कांग्रेस ने रविवार रात पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया। पार्टी ने एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी।
भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के कारण ही दतिया सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी थी।
भारती ने 2023 के विधानसभा चुनाव में राज्य के तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,700 से अधिक मतों से हराया था।
दिल्ली की एक अदालत ने इसी वर्ष अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन साल के कारावास की सजा सुनाई थी।
इसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और दतिया सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा।
कांग्रेस ने उपचुनाव में घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बनाया है और उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आशुतोष तिवारी, आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव और 19 अन्य उम्मीदवारों से है।
भाजपा ने इस बार पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिया, जिन्हें 2023 के विधानसभा चुनाव में भारती के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि राजेंद्र भारती को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया जाता है।
कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए भारती ने संवाददाताओं से कहा कि इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता और वह अगले विधानसभा चुनाव में अपनी ताकत दिखाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा का षड्यंत्र है और कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने उनके साथ मिलकर चुनाव लड़ा। भारती ने कहा कि उनका संघर्ष हमेशा मिश्रा के खिलाफ रहा है और आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि जनता 2028 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।
दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान हुआ था, जिसमें 71.44 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया था।
मतगणना तीन अगस्त होगी।
भाषा ब्रजेन्द्र जितेंद्र
जितेंद्र