नशामुक्त युवा ही विकसित भारत का सबसे बड़ा आधार : मुख्यमंत्री मोहन यादव

Ads

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत का सबसे बड़ा आधार : मुख्यमंत्री मोहन यादव

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 06:59 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 06:59 PM IST

भोपाल, दो अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को नशे को ‘‘नाश की जड़’’ बताते हुए कहा कि नशामुक्त भारत ही विकसित भारत की पहली शर्त है और नशामुक्त युवा ही विकसित भारत का सबसे बड़ा आधार हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा डिजिटल माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा- विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत किए जाने के अवसर पर भोपाल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने मध्यप्रदेश में नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी तरीके से रोक लगाने के लिए पड़ोसी राज्यों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार हर गली, मोहल्ले, गांव और चौराहे तक नशा मुक्ति अभियान चलाकर लोगों को जागरुक कर रही है। साथ ही नशे के अवैध कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रदेश के 19 धार्मिक नगरों में निकाय और पंचायत सीमाओं के भीतर शराबबंदी लागू की गई है। शराब की दुकानें हटाई जा चुकी हैं। अब सड़कों के किनारे लगने वाली धूम्रपान की दुकानें भी धीरे-धीरे कम हो रही हैं।’’

यादव ने युवाओं से सभी प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार नशे के कारण होने वाले अपराधों को लेकर बेहद संवेदनशील है।

उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए पुनर्वास के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं, सामाजिक संगठनों, आचार्यों, प्राचार्यों, शिक्षकों, चिकित्सकों, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और स्वयंसेवकों से नशे के खिलाफ अभियान को जन आंदोलन बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

भाषा

ब्रजेन्द्र रवि कांत