Sajjan Singh Verma On BJP Government/Image Credit: IBC24.in
FIR Against Congress Workers: देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक या दो नहीं बल्कि कांग्रेस के 19 कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज किया गया है। इनमें पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष मितेन्द्र दर्शन का भी नाम शामिल है।
बता दें कि, यह पूरा मामला नहार दरवाजा पुलिस थाना का है, जहां मध्यप्रदेश में महिलाओं पर बढ़ते अपराधों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान शहर में चौमशाल जलाकर विरोध प्रदार्शन किया गया था, जिसके चलते मामला दर्ज किया गया है।
दरअसल, प्रदेश में रेप और खासकर बच्चियों के साथ ऐसी घटनाओं पर कांग्रेस ‘बेटी बचाओ कैंपेन’ चला रही है। भोपाल के 6 नंबर बस स्टॉप के पास से कांग्रेस आज शाम कैंडल मार्च भी निकालने जा रही है। PCC चीफ जीतू पटवारी, एमपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी कैंडल मार्च में शामिल होंगे। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री पीसी शर्मा कल 8 अक्टूबर से 25 घंटे का उपवास करेंगे। पीसी शर्मा ने बताया कि, सुबह 11 बजे से 9 अक्टूबर की दोपहर 12 बजे तक 25 घंटे का उपवास रखेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और दूसरे नेता इसमें शामिल होंगे।
पीसी शर्मा ने कहा कि, 8 अक्टूबर को कन्यापूजन कर यह बताया जाएगा की हमारी संस्कृति में बेटियां देवी स्वरूपा हैं। भाजपा की सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। महिलाएं अपमानित हो रही हैं। 1 महीने में 30 से ज्यादा रेप और गैंगरेप की घटनाएं पूरे प्रदेश में सामने आ चुकी हैं। सरकार के पास कोई ठोस उपाय नहीं है। पीसी शर्मा ने कहा कि इस उपवास में कांग्रेस नेता एमपी के सभी धर्मगुरुओं से अनुरोध करेंगे कि वे अपने प्रवचनों से लोगों की इन विकृत और विक्षिप्त मानसिकताओं को समाप्त करने के लिए प्रेरित करें।