जमीन विवाद को लेकर युवक पर हमले के आरोप में धीरेन्द्र शास्त्री के भाई गिरफ्तार
जमीन विवाद को लेकर युवक पर हमले के आरोप में धीरेन्द्र शास्त्री के भाई गिरफ्तार
छतरपुर (मप्र), 15 जुलाई (भाषा) छतरपुर जिले में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और गोलीबारी करने के आरोप में बुधवार को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग और एक अन्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एक दिन पहले मंगलवार को पुलिस ने गर्ग और उसके तीन साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
छतरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राजनगर थाना क्षेत्र में हुई घटना में गर्ग और अंकित मिश्रा नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान अज्ञात आरोपियों के नाम जानने की कोशिश की जा रही है।
पटले ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और गाली-गलौच के आरोप में भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक जमीन विवाद से जुड़ी घटना जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के कोढ़ा गांव में मंगलवार दोपहर हुई थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, साक्ष्य एकत्र किए और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
धीरेन्द्र शास्त्री ने कहा कि उनका शालिग्राम गर्ग से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि वह दोषी है तो उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। हमले में घायल मोती कुशवाहा (30) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि कुशवाहा अपने घर पर था, तभी गर्ग और उसके तीन साथियों ने उसे ललकारा और जब वह घर से बाहर आया तो आरोपियों ने उस पर लाठियों से हमला किया और कथित तौर पर गोलियां भी चलाईं।
कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि एक गोली उसके शरीर को छूते हुए निकल गई।
पीड़ित का आरोप है कि वह जुगल किशोर पांडेय नामक व्यक्ति की ओर से गर्ग के खिलाफ जमीन पर कथित कब्जे से जुड़े मामले में गवाही देने वाला था। उसके अनुसार, यही इस हमले की मूल वजह है।
पुलिस ने गर्ग, सतीश, आशीष और एक अन्य आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र जोहेब
जोहेब

Facebook


