इंदौर, 13 जून (भाषा) कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने शनिवार को इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव के उस कदम का स्वागत किया जिसमें उन्होंने उच्चतम न्यायालय में उनके (सिंह के) खिलाफ ‘आपराधिक अवमानना’ की कार्रवाई का अनुरोध किया है।
सिंह ने कहा कि इससे उन्हें अदालत के सामने अपने दलील रखने का मौका मिलेगा।
सिंह के कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार उन्होंने भार्गव से फोन पर बात भी की और इस मामले में सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को पत्र लिखने के लिए उनका धन्यवाद किया।
महापौर ने अपने पत्र में एक वीडियो का हवाला दिया जिसमें सिंह ने कथित तौर पर उच्चतम न्यायालय के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया।
इस वीडियो में सिंह ने इस सप्ताह मध्यप्रदेश से राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निर्वाचन अधिकारी द्वारा खारिज किए जाने पर टिप्पणी की थी।
सिंह ने अपने बयान में कहा कि सॉलिसिटर जनरल को लिखे भार्गव के पत्र से उन्हें देश की शीर्ष अदालत के सामने अपने तर्क और तथ्य रखने का अवसर मिलेगा।
भाषा खारी रंजन
रंजन