(PM Surya Ghar Yojana/ Image Credit: AI-generated)
नई दिल्ली: PM Surya Ghar Yojana: गर्मियों के मौसम में बिजली की खबत तेजी से बढ़ जाती है। घरों में पंखे, कूलर और एसी ज्यादा चलने लगते हैं। जिससे बिजली का बिल भी बढ़ जाता है। ऐसे में लोग ऐसे विकल्प ढूंढते हैं जिससे उनका खर्च कम हो और पर्यावरण को भी नुकसान न पहुंचे। इसी जरूरत को देखते हुए केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (PM Surya Ghar Yojana) काफी लोकप्रिय हो रही है। इस योजना के तहत घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार आर्थिक सहायता यानी सब्सिडी देती है।
इस योजना की शुरुआत फरवरी 2024 में की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। सरकार चाहती है कि लोग अपने घर की बिजली खुद बना सकें और ग्रिड पर निर्भरता कम हो। इससे बिजली का खर्च घटेगा और स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग बढ़ेगा। जो पर्यावरण के लिए भी लाभदायक है।
सरकार इस योजना (PM Surya Ghar Yojana) के तहत सोलर पैनल लगाने पर अच्छी-खासी सब्सिडी देती है। उदाहरण के लिए 2 किलोवाट के सोलर सिस्टम पर लगभग 1.20 लाख रुपये का खर्च आता है। इसमें केंद्र सरकार 60 हजार रुपये और राज्य सरकार करीब 30 हजार रुपये की मदद देती है। इस तरह कुल 90 हजार रुपये की सब्सिडी मिलने के बाद लाभार्थी को केवल लगभग 30 हजार रुपये ही देने पड़ते हैं। 3 किलोवाट या उससे बड़े सिस्टम पर और भी ज्यादा सब्सिडी मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश में इस योजना को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। खासकर राजधानी लखनऊ में बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवा रहे हैं। इसके अलावा राज्य के अन्य शहरों में भी लोग इस योजना का लाभ लेने के लिए आगे आ रहे हैं। इससे साफ है कि लोग अब सस्ती और साफ ऊर्जा की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।
सरकार ने इस योजना के तहत सब्सिडी की सुविधा 31 मार्च 2027 तक उपलब्ध कराई है। इसका मतलब है कि पात्र लोग इस तारीख तक आवेदन कर सकते हैं और योजना का लाभ उठा सकते हैं। सरकार ने साफ किया है कि इस अवधि के दौरान लोग आसानी से सोलर पैनल लगवाकर लाभ उठा सकते हैं।
PM Surya Ghar Yojana सिर्फ बिजली बिल कम करने तक सीमित नहीं है बल्कि इससे पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। सौर ऊर्जा का उपयोग करने से प्रदूषण कम होता है और प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव भी घटता है। अगर आप भी लंबे समय तक बिजली बिल में बचत करना चाहते हैं तो यह योजना आपके लिए एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है।