Reported By: Mahendra Singh Kushwaha
,Gwalior Cyber Fraud News/Photo Credit: AI
Gwalior Cyber Fraud News: ग्वालियर में गूगल पर कस्टमर केयर नंबर सर्च करना एक महिला को महंगा पड़ गया। होटल बुकिंग में बेटी का नाम जुड़वाने के चक्कर में साइबर ठगों ने उसके खाते से 1.90 लाख रुपये उड़ा लिए। फरियादी मीनाक्षी नाफडे ने जनकगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने साइबर हेल्पलाइन के जरिए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर एक्सपर्ट लोगों से अपील कर रहे हैं कि गूगल से मिले कस्टमर केयर नंबर पर कभी भरोसा न करें।
दअरसल, जनकगंज थाना क्षेत्र के सात भाई की गोठ निवासी मीनाक्षी नाफडे ने बताया कि उन्होंने नैनीताल यात्रा के लिए अगोड़ा एप के जरिए होटल बुक कराया था। बुकिंग सूची देखने पर बेटी प्रशा का नाम शामिल नहीं था। इसे जुड़वाने के लिए उन्होंने गूगल पर अगोड़ा का कस्टमर केयर नंबर खोजा और उस पर कॉल किया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को कंपनी का कर्मचारी गौतम शर्मा बताया। उसने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर महिला को कई प्रक्रियाएं करने को कहा। महिला उसके निर्देशों का पालन करती गई। ठग ने उसे एक लिंक भेजा और स्क्रीन शेयर कराई। इसी दौरान साइबर ठग ने उनके बैंक खाते से 1.90 लाख रुपये निकाल लिए।
ठगी का एहसास होने पर मीनाक्षी ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद जनकगंज थाने में लिखित शिकायत दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक से लेनदेन का विवरण मांगा है। साइबर सेल खाते और मोबाइल नंबर को ट्रेस करने में जुटी है। साइबर ठग इसी तरह गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालते हैं। ग्राहक असली नंबर समझकर कॉल करते हैं और ठग रिमोट एक्सेस एप या ओटीपी के जरिए खाता खाली कर देते हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसी ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा हो तो तुरंत 1930 पर कॉल करें और बैंक को सूचना दें। होटल बुकिंग, बैंक या अन्य सेवाओं के लिए गूगल के बजाय कंपनी की ऑफिशियल साइट या एप का ही इस्तेमाल करें। थोड़ी सी सावधानी आपको लाखों की ठगी से बचा सकती है।
ग्वालियर क्राइम ब्रांच ASP सुमन गुर्जर ने बताया कि, जनागंज थाना क्षेत्र का मामला है गूगल पर सर्च किए गए कस्टमर केयर नंबर अक्सर फर्जी होते हैं। कोई भी कंपनी कॉल पर ओटीपी, सीवी या स्क्रीन शेयर नहीं मांगती। पीड़िता के साथ भी यही हुआ। हम बैंक और टेलीकॉम कंपनी से डिटेल ले रहे हैं। लोगों से अपील है कि कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या एप से ही नंबर लें।