कोल्हापुर, 20 जून (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को स्वतंत्र भारत के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान मिलेगा और उनके कार्यकाल को एक पुनरुत्थानशील राष्ट्र के निर्माण एवं विश्वभर में देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए याद किया जाएगा।
शाह ने कहा कि पुनरुत्थानशील भारत के निर्माण और देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल का अध्याय स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।
शाह ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर में देवी अंबाबाई मंदिर गलियारा परियोजना की शुरुआत करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘जब स्वतंत्र भारत का इतिहास लिखा जाएगा तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल का अध्याय एक पुनरुत्थानशील भारत के निर्माण और दुनियाभर में देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए दर्ज किया जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्ष में ऐसे कई काम पूरे हुए जिन्हें कभी असंभव माना जाता था। शाह ने इस संदर्भ में अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण, काशी विश्वनाथ गलियारे के पुनर्विकास, केदारनाथ और बदरीनाथ धामों में किए गए कार्यों तथा सोमनाथ एवं कामाख्या मंदिरों से जुड़ी परियोजनाओं का उल्लेख किया।
शाह ने कहा कि ‘‘विकास भी, विरासत भी’’ के मंत्र के तहत देशभर में सांस्कृतिक पुनर्जागरण हो रहा है। उन्होंने अंबाबाई मंदिर गलियारे को भारत की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक और कदम बताया।
उन्होंने कहा कि 500 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना 28,058 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित की जाएगी। इसके तहत सातवीं शताब्दी के ऐतिहासिक मंदिर को कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित सुरक्षा व्यवस्था, एलईडी प्रकाश व्यवस्था, विरासत दीर्घाओं, प्रकाश एवं ध्वनि कार्यक्रम, बहुउद्देश्यीय सभागार और अन्य सुविधाओं से लैस आधुनिक तीर्थस्थल में बदला जाएगा।
शाह ने कहा कि महालक्ष्मी मंदिर और उसके आसपास स्थित 41 मंदिरों का पुरातत्व विभाग के परामर्श से संरक्षण किया जाएगा। उन्होंने परियोजना शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और महाराष्ट्र सरकार का आभार जताया।
उन्होंने कहा, ‘‘जिन स्थानों में हमारा इतिहास, धर्म और संस्कृति बसती है, उन पर 1,500 करोड़ रुपये खर्च करना कोई बड़ी राशि नहीं है। ऐसे स्थान पूरे देश को प्रेरणा देते हैं।’’
शाह ने कहा कि मोदी ने हाल में देश के सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनकर रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने बुनियादी ढांचे और विनिर्माण से लेकर सेमीकंडक्टर, क्वांटम इंजीनियरिंग, सॉफ्टवेयर और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी तक विभिन्न क्षेत्रों में भारत को मजबूत बनाने का श्रेय मोदी को दिया।
शाह ने चंद्रयान-3 अभियान की सफलता को याद करते हुए कहा कि कभी भारतीयों को लगता था कि चंद्रमा बहुत दूर है, लेकिन मोदी ने चंद्रयान को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचाया और वहां ‘शिव शक्ति बिंदु’ स्थापित किया जिससे हर भारतीय गौरवान्वित हुआ।
शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘कोल्हापुर की इस पवित्र भूमि से मैं पूरे विश्वास के साथ देशवासियों से कहना चाहता हूं कि बंगाल के लोगों ने हमें आशीर्वाद दिया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम उनके विश्वास के ऋणी हैं और एक-एक घुसपैठिये की पहचान करके उसे देश से बाहर निकालकर इस ऋण को चुकाएंगे।’’
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्ष में हर वह काम पूरा किया गया है, जिसे कभी असंभव माना जाता था।
उन्होंने कहा कि मोदी ने हाल में देश के सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनकर रिकॉर्ड कायम किया है।
भाषा
सिम्मी रंजन
रंजन