Mysterious Fire in House: पांच भाइयों के घर में अचानक लग जाती है आग, हर रात धधकने लगते हैं कपड़े और बिस्तर, प्रशासन हैरान…तांत्रिक परेशान

Mysterious Fire in House: पांच भाइयों के घर में अचानक लग जाती है आग, हर रात धधकने लगते हैं कपड़े और बिस्तर, प्रशासन हैरान...तांत्रिक परेशान

Modified Date: June 26, 2026 / 04:54 pm IST
Published Date: June 26, 2026 4:54 pm IST
HIGHLIGHTS
  • गांव में रहस्यमयी आग से दहशत
  • पांच भाइयों के घरों में लगातार खुद-ब-खुद लग रही आग
  • कपड़े, बिस्तर और खाने का सामान जल रहा

ग्वालियर: Mysterious Fire in House  शहर से 30 किमी दूर आंतरी गांव में आग लगने का ऐसा रहस्यमय मामला सामने आया है जिसने ना सिर्फ गांव वालों की बल्कि प्रशासन की भी नींद हराम कर दी है। यहां एक ही परिवार के पांच भाइयों के घरों में बीते कई दिनों से बिना किसी कारण के आग लग रही है। कपड़े, बिस्तर और खाने का सामान खुद-ब-खुद जल जा रहा है। हैरानी की बात तो ये है कि ना घर में कोई चूल्हा चलता है और ना ही कहीं कोई शॉर्ट सर्किट होता है। आलम ऐसा है कि परिवार के लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। सूचना मिलने से पहुंची प्रशासन की टीम के हाथ भी कुछ नहीं लगा। वहीं, ग्रामीणों ने अंधविश्वास के चलते तांत्रिकों को भी बुलाया, लेकिन वो भी कुछ बता नहीं पाए। सुरक्षा के लिए पानी से भरा टैंकर तैनात कर दिया गया है और फायर ब्रिगेड को अलर्ट पर रखा गया है। अब प्रशासन वैज्ञानिक तरीके से आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।

अचानक सभी घरों में लगती है आग

Mysterious Fire in House  दअरसल घटना ग्वालियर जिले से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित आंतरी गांव की है, जहां रहने वाले पांच भाई कल्याण सिंह बघेल, सेवाराम बघेल, कामता प्रसाद बघेल, महेंद्र बघेल और लक्षीराम बघेल के घरों में बीते कई दिनों से रहस्यमयी आग लग रही है। सबसे पहले कल्याण सिंह के घर में कपड़े और बिस्तर में अचानक आग लग गई। कुछ देर बाद दूसरे भाई सेवाराम के घर में रखे खाने का सामान जलने लगा। देखते ही देखते पांचों भाइयों के घर आग की चपेट में आ चुके हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि घर में न कोई शॉर्टसर्किट है, न चूल्हा जल रहा है फिर भी अचानक सामान में आग लग जा रही है।

रात भर जागते हैं परिवार के लोग

ग्रामीणों की मानें तो आग इतनी अचानक लगती है कि बुझाने का मौका भी नहीं मिलता। डर के मारे परिवार के लोग अब रात भर जागते रहते हैं। घर के अंदर सोना खतरे से खाली नहीं लग रहा, इसलिए सभी सदस्य घर के बाहर खुले में सो रहे हैं। सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि अगर अपना सामान पड़ोसी के घर रख दिया जाए तो वहां भी वही सामान जल जाता है। गांव में इस रहस्यमयी आग से दहशत का माहौल है। वहीं, अंधविश्वास के चलते ग्रामीणों ने इसे भूत-प्रेत या जादू-टोने का असर मान लिया है। इसके चलते गांव में कई तांत्रिकों को बुलाया गया। तांत्रिकों ने पूजा-पाठ और टोटके भी किए। लेकिन आग लगने का असली कारण कोई नहीं बता पाया। लोग अब अपने घरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित हो गए हैं।

प्रशासन के पल्ले नहीं पड़ रहा मामला

सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए एहतियात के तौर पर गांव में पानी से भरा टैंकर खड़ा कर दिया गया है। फायर ब्रिगेड की टीम को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है ताकि आग फैलने पर तुरंत काबू पाया जा सके। ग्रामीणों ने भी आग बुझाने के लिए अपने-अपने घरों में बर्तनों में पानी भरकर रख लिया है। प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजली विभाग और फॉरेंसिक टीम से जांच कराई जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि शॉर्ट सर्किट, किसी रासायनिक प्रतिक्रिया या किसी और वैज्ञानिक कारण से आग लग सकती है। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से सैंपल लेगी और बिजली के तारों की भी जांच होगी। फिलहाल प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। गांव में पुलिस की तैनाती भी कर दी गई है। लेकिन जब तक आग का असली कारण सामने नहीं आता, ग्रामीणों का डर कम होने का नाम नहीं ले रहा। गांव में हर कोई इसी सवाल में उलझा है कि आखिर एक ही परिवार के पांच घरों में बिना वजह आग कैसे लग रही है।


सामान्यतः पूछे जाने वाले प्रश्नः

लेखक के बारे में

"दीपक दिल्लीवार, एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में करीब 10 साल का एक्सपीरिएंस है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक ऑनलाइन समाचार वेबसाइट से की थी, जहां उन्होंने राजनीति, खेल, ऑटो, मनोरंजन टेक और बिजनेस समेत कई सेक्शन में काम किया। इन्हें राजनीति, खेल, मनोरंजगन, टेक्नोलॉजी, ऑटोमोबाइल और बिजनेस से जुड़ी काफी न्यूज लिखना, पढ़ना काफी पसंद है। इन्होंने इन सभी सेक्शन को बड़े पैमाने पर कवर किया है और पाठकों लिए बेहद शानदार रिपोर्ट पेश की है। दीपक दिल्लीवार, पिछले 5 साल से IBC24 न्यूज पोर्टल पर लीडर के तौर पर काम कर रहे हैं। इन्हें अपनी डेडिकेशन और अलर्टनेस के लिए जाना जाता है। इसी की वजह से वो पाठकों के लिए विश्वसनीय जानकारी के सोर्स बने हुए हैं। वो, निष्पक्ष, एनालिसिस बेस्ड और मजेदार समीक्षा देते हैं, जिससे इनकी फॉलोवर की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। काम के इतर बात करें, तो दीपक दिल्लीवार को खाली वक्त में फिल्में, क्रिकेट खेलने और किताब पढ़ने में मजा आता है। वो हेल्दी वर्क लाइफ बैलेंस करने में यकीन रखते हैं।"