इंदौर बस हादसा : मौत का आंकड़ा बढ़कर दो हुआ, गैर इरादतन हत्या के आरोप में चालक गिरफ्तार

इंदौर बस हादसा : मौत का आंकड़ा बढ़कर दो हुआ, गैर इरादतन हत्या के आरोप में चालक गिरफ्तार

इंदौर बस हादसा : मौत का आंकड़ा बढ़कर दो हुआ, गैर इरादतन हत्या के आरोप में चालक गिरफ्तार
Modified Date: September 28, 2026 / 12:51 pm IST
Published Date: September 28, 2026 12:51 pm IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 28 सितंबर (भाषा) इंदौर के भीड़ भरे बाजार में बेकाबू लोक परिवहन बस की चपेट में आने से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर दो हो गई जिसके बाद पुलिस ने वाहन चालक को गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एमजी रोड थाने के प्रभारी विजय सिंह सिसौदिया ने बताया कि राजबाड़ा क्षेत्र में रविवार को हुए हादसे में पिंटू उर्फ गणेश की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि जितेंद्र शर्मा ने बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा।

सिसौदिया ने बताया कि नगर निगम द्वारा संचालित बस के चालक धनराज गांगले के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया, ‘‘हादसे में चालक की स्पष्ट लापरवाही सामने आई है। उसने तेजी से एक्सीलरेटर दबाया जिससे बस बेकाबू हो गई और सामने खड़े लोगों से टकरा गई।’’

थाना प्रभारी ने बताया कि बिजली से चलने वाली बस को पहले ही जब्त किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बस में तोड़फोड़ को लेकर भारतीय न्याय संहिता के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है और इसके दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय बस शहर के उपनगरीय राऊ क्षेत्र के रंगवासा जा रही थी। उन्होंने कहा कि बस में कुछ यात्री सवार थे जो हादसे के दौरान सुरक्षित रहे।

भाषा हर्ष मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में