मप्र : बालक के मुंह में थे 50 दांत, सर्जरी के जरिये 30 बेडौल दांत निकाले गए

मप्र : बालक के मुंह में थे 50 दांत, सर्जरी के जरिये 30 बेडौल दांत निकाले गए

Modified Date: February 28, 2022 / 11:07 pm IST
Published Date: February 28, 2022 11:07 pm IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 28 फरवरी (भाषा) इंदौर में अनोखे मामले में 10 वर्षीय बालक के मुंह में 50 दांत पाए गए और सर्जनों ने उसके मुंह से 30 बेडौल दांत निकालकर उसे इस दुर्लभ विकृति से मुक्ति दिलाई है। निजी क्षेत्र के मॉडर्न डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर के सर्जन डॉ. सचिन ठाकुर ने सोमवार को यह जानकारी दी।

ठाकुर ने बताया,’दांतों में लम्बे समय से सूजन और दर्द की शिकायत के चलते 10 साल के बालक को हमारे अस्पताल लाया गया था। एक्स-रे में पता चला कि एक दुर्लभ विकृति के चलते उसके मुंह में कुल 50 दांत हैं।’’

उन्होंने बताया कि चिकित्सीय भाषा में ‘‘ओडोन्टोमा’’ कही जाने वाली यह विकृति एक लाख में से एक-दो लोगों में पाई जाती है और समय रहते दूर नहीं किए जाने पर मरीज के लिए गंभीर साबित हो सकती है।

उन्होंने बताया कि सर्जनों के तीन सदस्यीय दल ने करीब ढाई घंटे के हालिया ऑपरेशन के दौरान बालक के दूध के दांतों के नीचे बने वे 30 बेडौल दांत निकाल दिए जो उसके स्वस्थ दांतों के विकास में बाधा बन रहे थे।

ठाकुर ने बताया, ‘‘ऑपरेशन के बाद बच्चे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हालांकि, हम उसकी हालत पर नजर रख रहे हैं। हमें उम्मीद है कि 18 साल की उम्र तक उसके मुंह में पूरे 32 स्वस्थ दांत आ जाएंगे।’’

भाषा हर्ष रंजन

रंजन


लेखक के बारे में