मध्यप्रदेश के शिवपुरी में अदालत जाते समय वकील की गोली मारकर हत्या
मध्यप्रदेश के शिवपुरी में अदालत जाते समय वकील की गोली मारकर हत्या
शिवपुरी (मप्र), 14 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के करेरा कस्बे में शनिवार को अदालत जाते समय 57 वर्षीय एक वकील की अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अमन दीन राठौड़ ने संवाददाताओं को बताया कि हत्या पूर्व नियोजित प्रतीत होती है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम को लगाया गया है।
करेरा थाना प्रभारी विनोद छावई ने बताया कि अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना रोजाना की तरह मोटरसाइकिल से अदालत जा रहे थे, तभी आनंद सागर मंदिर के पास हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी।
उन्होंने बताया कि एक अन्य वकील और कुछ स्थानीय लोग घायल अवस्था में सक्सेना को अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया कि घिरियाली मोहल्ला निवासी सक्सेना का कुछ लोगों के साथ लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था और उन्होंने चार संदिग्धों के नाम भी बताए हैं।
उन्होंने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
भाषा सं दिमो गोला
गोला

Facebook


